नई रेल लाइन परियोजना से कोसी और सीमांचल क्षेत्र की कनेक्टिविटी होगी मजबूत

0
182

नई रेल लाइन परियोजना से कोसी और सीमांचल क्षेत्र की कनेक्टिविटी होगी मजबूत

कोसी-सीमांचल क्षेत्र में रेल परियोजनाओं की लंबित योजना का संबंधित निदेशालय को विस्तृत जांच का दिया गया आदेश

कौनैन बशीर,न्यूज़96इंडिया

पूर्वोत्तर बिहार के कोसी और सीमांचल क्षेत्र में नई रेल लाइन के निर्माण की उम्मीद जगी है।इस बाबत केंद्रीय रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव ने संबंधित निदेशालय को विस्तृत जांच का आदेश दे दिया है।लिहाजा रेल मार्ग के लिए लंबे समय से संघर्षरत उदाकिशुनगंज अनुमंडल के चौसा के सामाजिक शैक्षणिक कल्याण संघ ने खुशी का इजहार किया है।ज्ञात हो कि सामाजिक शैक्षणिक कल्याण संघ चौसा के बैनर तले लंबे वक्त से भागलपुर से भीमनगर( नेपाल बॉर्डर) भाया नवगछिया, चौसा ,उदाकिशुनगंज,मधेपुरा होते हुए 175 किलोमीटर लंबी रेल लाइन के लिए आंदोलन किया जाता रहा है। गौरतलब हो कि आंदोलन के समर्थन में राज्य सभा सांसद प्रोफेसर मनोज कुमार झा ने अपने पत्रांक- एमपीआरएस/बिहार राजद /2024- 661 दिनांक- 13.08.2024 के द्वारा केंद्रीय रेल मंत्री को एक पत्र लिखकर उक्त रेल लाइन के निर्माण की मांग किया था। प्रेषित पत्र में सांसद प्रोफेसर झा ने यह भी बताया था कि भागलपुर से भीमनगर (नेपाल बॉर्डर ) तक 175 किलोमीटर नई रेल लाइन बन जाने से अंग ,कोसी और सीमांचल क्षेत्र के आठ विधानसभा क्षेत्र के करोड़ों लोगों तक विकास की रोशनी पहुंच सकेगी और इस पिछड़े इलाके का चहुमुखी विकास संभव होगा।सनद रहे कि प्रोफेसर झा के पत्र को संज्ञान में लेते हुए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने त्वरित कार्यवाही का निर्देश जारी किया है. रेल मंत्री ने अपने पत्रांक- MR/A3138/2024 दिनांक – 05.12.2024 के द्वारा सूचित किया है कि भागलपुर से भीमनगर नेपाल सीमा तक नई रेल लाइन के निर्माण हेतु संबंधित निदेशालय को विस्तृत जांच का निर्देश दे दिया गया है। रेल मंत्री की उक्त कार्यवाही की सूचना मिलते ही सामाजिक शैक्षणिक कल्याण संघ में खुशी व्याप्त है। संघ के मार्गदर्शक प्रोफेसर नवल किशोर जायसवाल, प्रोफेसर सुरेश साह ,संरक्षक सत्यप्रकाश गुप्त विदुर जी, अध्यक्ष याहिया सिद्दीकी, उपाध्यक्ष मनोज शर्मा, सचिव संजय कुमार सुमन, कोषाध्यक्ष आशीष कुमार, वरीय सदस्य डॉ. मनोज कुमार मंडल, जवाहर चौधरी, पत्रकार विनोद आशीष,अधिवक्ता विनोद आजाद,सुबोध कुमार पासवान,मृत्युंजय कुमार, मै हूं उदाकिशुनगंज के संस्थापक बसंत कुमार झा सहित दर्जनों आंदोलनकारियों ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव तथा सांसद प्रोफेसर मनोज कुमार झा के प्रति आभार व्यक्त किया है।

भागलपुर से कोसी-सीमांचल का इलाका रेल से सीधा जुड़ जायेगा :

प्रोफेसर नवल किशोर जायसवाल ने कहा कि भागलपुर से भीमनगर रेल लाइन कोसी, सीमांचल और अंग क्षेत्र के लिए लाइफ लाइन साबित होगा। इस रेल मार्ग के बन जाने से लाखों किसानों तथा व्यारियों के किस्मत के द्वार खुलेंगे।

प्रोफेसर सुरेश प्रसाद साह ने कहा कि पूर्वोत्तर बिहार के पिछड़ेपन को दूर करने के लिए भागलपुर से भीमनगर रेल लाइन संजीवनी बूटी साबित होगा। इससे करोडों लोगों का जीवन में समृद्ध होगा।

सत्यप्रकाश गुप्त ने कहा कि अंग ,सीमांचल और कोसी क्षेत्र में संसाधनों की कमी नहीं है. रेल सुविधा के अभाव में संसाधनों का सही उपयोग नहीं हो पा रहा है। नई रेल लाइन बन जाने से उद्यम और व्यापार को गति मिलेगी।

यहिया सिद्दीकी ने कहा कि प्रस्तावित भागलपुर से भीमनगर रेल लाइन सामरिक, सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और पर्यटन की दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण है। नेपाल सीमा तक सीधा रेल मार्ग सामरिक दृष्टिकोण से जरूरी है।इसके अलावा इस मार्ग के बन जाने से देवघर, बाबा विशु राऊत स्थल और सिंघेश्वर मंदिर आपस में जुड़कर एक महत्वपूर्ण पर्यटन कॉरिडोर का रूप लेगा जिससे व्यापार और पर्यटन के नए द्वार खुलेंगे।

संजय कुमार सुमन ने कहा कि भागलपुर से भी नगर नेपाल बॉर्डर भाया नवगछिया, भटगामा, चौसा, मधेपुरा, वीरपुर तक 175 किलोमीटर रेल लाइन की मांग पुरानी है। इस मार्ग के बन जाने से अंग, सीमांचल और कोसी प्रमंडलों के आठ विधानसभा क्षेत्र के करोडों लोग लाभान्वित होंगे।

बसंत कुमार झा ने कहा कि प्रस्तावित रेल मार्ग के निर्माण से करोड़ों लोगों की जिंदगी की दुश्वारियां समाप्त होंगी।
शिक्षा, चिकित्सा ,उद्योग, पर्यटन और व्यापार के नए अवसर मिलेंगे।

डॉक्टर मनोज कुमार मंडल ने कहा कि पूर्वोत्तर बिहार में लाखों एकड़ में मक्का की भरपूर खेती होती है. इस रेल मार्ग के बन जाने से मक्का किसानों को उनकी उपज का उचित दाम मिलेगा।किसानों की स्थिति में सुधार होगा तथा मक्का आधारित औद्योगिक इकाई की स्थापना भी संभव हो सकेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here