फंदा लगाकर 35 वर्षीय युवक ने जान,परिवार में मचा कोहराम

कुमारखंड थाना क्षेत्र अंतर्गत बिशनपुर कोडलाही पंचायत के वार्ड 7 में रविवार देर रात एक युवक ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान स्व. मिथिलेश सिंह के पुत्र राजा कुमार (35) के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और सनसनी का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 11 बजे राजा कुमार ने अपने घर में ही फांसी लगाकर जीवन लीला समाप्त कर ली। परिजनों और ग्रामीणों द्वारा सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मधेपुरा भेज दिया। ग्रामीणों और पड़ोसियों के अनुसार, मृतक पिछले कुछ समय से घरेलू तनाव से जूझ रहा था।

बताया जाता है कि वह नशे का भी आदी था और प्रतिबंधित दवा (स्मैक) का सेवन करता था। घटना से एक दिन पूर्व उसकी मां के साथ पैसे को लेकर मोबाइल पर कहासुनी और गाली-गलौज हुई थी।

जानकारी के मुताबिक, मां-बेटे ने मिलकर एक पड़ोसी (जो सहरसा में रहता है) को जमीन बेची थी, जिसका अधिकांश पैसा मिल चुका था और केवल 10 हजार रुपये बचा था। मृतक की मां ने बिना बेटे को बताए वह राशि लेकर घर छोड़ दिया, जिससे विवाद और बढ़ गया।

कुछ ग्रामीणों का यह भी कहना है कि आर्थिक तंगी के कारण परिवार की स्थिति काफी खराब हो गई थी और खर्च चलाने में भी कठिनाई हो रही थी। इन सभी परिस्थितियों ने मिलकर युवक को मानसिक रूप से कमजोर कर दिया, जिसके कारण उसने यह कदम उठा लिया।

मृतक अपने पीछे पत्नी रेणु देवी, करीब डेढ़-दो साल की बेटी प्रियंका कुमारी और छह महीने का एक छोटा बेटा छोड़ गया है।पत्नी का मायका सुपौल जिले में बताया जा रहा है। घटना के बाद से पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतक की मां भी पिछले कई महीनों से घर से बाहर रह रही है। इस घटना ने एक बार फिर ग्रामीण समाज में बढ़ते नशे और पारिवारिक विवादों की गंभीर समस्या को उजागर किया है।

इस संबंध में कुमारखंड थानाध्यक्ष रंजन कुमार ने बताया कि आवेदन प्राप्त होने के बाद मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।