इंदौर 12 मई 2026 इंदौर कलेक्टर कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई एक बार फिर आमजन के लिए राहत का सशक्त माध्यम बनी। जनसुनवाई में पहुंचे विभिन्न आवेदकों की समस्याओं को कलेक्टर शिवम वर्मा ने गंभीरता से सुना तथा संबंधित मामलों में तत्काल कार्रवाई करते हुए सहायता उपलब्ध कराई।प्रशासन की संवेदनशील कार्यशैली से लाभान्वित हितग्राहियों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं कलेक्टर शिवम वर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया।कलेक्टर शिवम वर्मा ने जनसुनवाई में पहुंचे राऊ निवासी प्रतिभावान विद्यार्थी यश कालमे को साईकल प्रदान की।
यश ने बताया कि वह बीजलपुर के शासकीय विद्यालय में अध्ययन करता है तथा उसका निवास राऊ है। घर से विद्यालय की दूरी लगभग 8 किलोमीटर होने के कारण मुझे प्रतिदिन आने-जाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, अपनी समस्या को जनसुनवाई में कलेक्टर के समक्ष रखा।
कलेक्टर शिवम वर्मा ने तुरंत ही उसकी स्थिति को समझते हुए तत्काल साइकिल प्रदान करने के निर्देश दिए। आज ही साइकिल प्राप्त होने पर विद्यार्थी यश कालमे की खुशी का ठिकाना नहीं रहा।उसने इस मदद के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं कलेक्टर श्री शिवम वर्मा का आभार व्यक्त किया।
जनसुनवाई में एक अन्य प्रकरण में श्रीमती सुजाता मकवाना अपनी अंकसूची प्राप्त करने में आ रही समस्या को लेकर जनसुनवाई में पहुंचीं।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 में कक्षा 10वीं की परीक्षा देने के बाद अंतिम फीस की किश्त जमा नहीं कर पाने के कारण उन्हें अंकसूची नहीं मिल सकी। बाद में विवाह हो जाने के कारण भी वह इस प्रक्रिया को पूरा नहीं कर पाईं। जनसुनवाई में प्रकरण सामने आने पर कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही उन्हें 10 हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान करने के भी निर्देश दिए। श्रीमती सुजाता मकवाना ने शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। इसी प्रकार जनसुनवाई में पहुंचे श्री ललित मालवीय ने बताया कि एक दुर्घटना में घायल होने के बाद उनके शरीर का निचला हिस्सा पूरी तरह काम करना बंद कर चुका है। मेरी आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उपचार कराने में कठिनाई आ रही है। जनसुनवाई में अपनी समस्या रखने पर कलेक्टर श्री शिवम वर्मा द्वारा उनके उपचार के लिए विशेष आधुनिक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
यह सहायता मिलने पर ललित मालवीय ने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव एवं कलेक्टर शिवम वर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया। एक अन्य प्रकरण में सुधा शिंदे अपनी स्वर्गीय माताजी छोटी बाई शिंदे की पेंशन संबंधी समस्या लेकर जनसुनवाई में पहुंचीं।
उन्होंने बताया कि उनकी माताजी पूर्व निगमकर्मी थीं, लेकिन पेंशन प्रक्रिया लंबित होने के कारण परिवार को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।मामले को सुनने के बाद कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने तत्काल सहायता स्वरूप 15 हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए और पेंशन प्रकरण के निराकरण के भी आदेश दिए।सुधा शिंदे ने प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।कलेक्टर शिवम वर्मा ने आमजन से प्रत्यक्ष संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से संबंधित बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में कई आवेदन प्राप्त हुए जिसमें मुख्य रूप में प्लॉट, संपत्ति, पारिवारिक विवाद, चिकित्सा सहायता और रोजगार से जुड़े प्रकरण रहे। जनसुनवाई में सभी विभागीय अधिकारियों और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सिद्धार्थ जैन, अपर कलेक्टर नवजीवन विजय पंवार,रोशन राय, रिंकेश वैश्य ने भी जनसुनवाई में नागरिकों की समस्याओं को सहानुभूति के साथ सुना और उनका निराकरण किया।






अभी तक कोई टिप्पणी नहीं। पहले आप लिखें!