मुरलीगंज:सहरसा पूर्णियां रेलखंड पर स्थित मुरलीगंज रेलवे स्टेशन पर रविवार की संध्या समस्तीपुर रेल मंडल के डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्रा ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पूर्णियां कोर्ट से लौटते हुए डीआरएम संध्या करीब साढ़े छह बजे मुरलीगंज रेलवे स्टेशन पहुंचे। जहां उन्होंने स्टेशन परिसर, यात्री सुविधाओं और स्टेशन पर व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने संबंधित अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।वही रेल संघर्ष समिति मुरलीगंज के सदस्यों ने डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्रा से मुलाकात कर स्टेशन की वर्षों पुरानी समस्याओं और यात्रियों की प्रमुख मांगों को मजबूती से उठाया।
रेल संघर्ष समिति के सदस्यों ने डीआरएम को सौंपे मांग पत्र में मुरलीगंज स्टेशन पर प्लेटफॉर्म उच्चीकरण, शुद्ध पेयजल, शौचालय व्यवस्था, यात्री सुविधाओं के विस्तार, ट्रेनों के ठहराव, वाशिंग पिट और रेक पॉइंट निर्माण सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों को शामिल किया।
समिति सदस्यों ने बताया कि मुरलीगंज जैसे महत्वपूर्ण स्टेशन पर आज भी यात्रियों को मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशानी झेलनी पड़ रही है। प्लेटफॉर्म को हाई लेवल करने की मांग पिछले तीन वर्षों से लगातार की जा रही है। लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई।
समिति ने विशेष रूप से 05579/80 पूर्णिया कोर्ट-आनंद विहार स्पेशल ट्रेन को पुनः सप्ताह में चार दिन चलाने और नियमित करने। 63359/60 मधेपुरा-सहरसा मेमू ट्रेन का विस्तार मुरलीगंज तक करने तथा जोगबनी वंदे भारत एक्सप्रेस का ठहराव मुरलीगंज स्टेशन पर सुनिश्चित करने की मांग रखी।
इसके अलावा मुरलीगंज स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना में शामिल करने की भी मांग की गई। डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्रा ने समिति की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि रेल संघर्ष समिति द्वारा जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण और सकारात्मक सुझाव दिए गए हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्लेटफॉर्म ऊंचीकरण ( हाई लेवल) का कार्य लगभग तीन माह के भीतर शुरू कर दी जाएगी। साथ ही शुद्ध पेयजल व्यवस्था के लिए भी इसी अवधि में आवश्यक प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
ट्रेनों के ठहराव और परिचालन संबंधी मांगों पर उन्होंने सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाया। डीआरएम के आश्वासन के बाद रेल संघर्ष समिति के सदस्यों और स्थानीय यात्रियों में उम्मीद जगी हैं।
मौके पर रेल संघर्ष समिति के दिनेश मिश्रा, सूरज जायसवाल, प्रशांत यादव, विजय यादव, डॉ रोहित भगत, विकास आनंद, अमित यादव, कन्हैया चौधरी एवं अन्य मौजूद रहे।फोटो: निरीक्षण के दौरान डीआरएम से मिलते संघर्ष समिति के सदस्यगण







अभी तक कोई टिप्पणी नहीं। पहले आप लिखें!