बाढ़ राहत कार्यों के लिए इंसिडेंट रिस्‍पॉस टीम गठन के आदेश जारी

By Gaurav Kabir

Published on: May 16, 2026

मध्‍यप्रदेश:सिवनी आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के निर्देशानुसार जिले में बाढ़ आपदाओं के दौरान विभिन्‍न विभागों, एजेंसियों के संसाधनों का एकीकृत प्रशासनिक व्‍यवस्‍था के अंतर्गत राहत, खोज एवं बचाओ कार्य संपन्‍न कराने के लिए जिला एवं तहसील

मध्‍यप्रदेश:सिवनी आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के निर्देशानुसार जिले में बाढ़ आपदाओं के दौरान विभिन्‍न विभागों, एजेंसियों के संसाधनों का एकीकृत प्रशासनिक व्‍यवस्‍था के अंतर्गत राहत, खोज एवं बचाओ कार्य संपन्‍न कराने के लिए जिला एवं तहसील स्‍तर बाढ़ राहत टीम का गठन के आदेश जारी किए गए हैं।

जारी आदेशानुसार जिला कलेक्टर ‘Responsible Officer’ के रूप में समग्र प्रभारी होंगे।जिनकी देखरेख में बाढ़ आपदा प्रबंधन हेतु नीति निर्धारण और राज्य सरकार व सेना जैसी राष्ट्रीय एजेंसियों के साथ समन्वय का कार्य संपन्न होगा।

बाढ़ प्रबंधन के लिए ‘इंसिडेंट कमांडर’ के रूप में अंजली शाह, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत को सौंपी गई है, जो रणनीति बनाने, सूचना संवर्धन और संसाधनों की पूर्ति के साथ-साथ संपूर्ण राहत एवं बचाव कार्यों का नेतृत्व करेंगी। उनकी सहायता हेतु श्री सी.एल. चनाप, अपर जिला कलेक्टर को ‘उप इंसिडेंट कमांडर’ नियुक्त किया गया है, कमांडर की अनुपस्थिति में कार्यों का संपादन करने के लिए उत्तरदायी होंगे।

मैदानी स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने हेतु कृष्ण लाल चंदानी, पुलिस अधीक्षक को ‘ऑपरेशन सेक्शन प्रमुख’ बनाया गया है, जो सभी कार्यान्वयन एजेंसियों के मध्य समन्वय स्थापित कर निर्धारित समय सीमा में लक्ष्यों की पूर्ति करेंगे।

सुरक्षा और कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी ‘सुरक्षा अधिकारी’ के रूप में दीपक मिश्रा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और उमेश्वर ठाकरे को दी गई है, जो प्रभावित क्षेत्रों में संभावित जोखिमों का आकलन करेंगे।

राहत शिविरों में भोजन, बिजली और अन्य आवश्यक सुविधाओं का प्रबंधन ‘लॉजिस्टिक्स सेक्शन प्रमुख’ के रूप में श्री मनोज पुराविया, जिला खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी द्वारा किया जाएगा।

स्नेहलता पाठ्या, डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट होमगार्ड को ‘नागरिक सुरक्षा’ का प्रभार दिया गया है, जिनके नेतृत्व में होमगार्ड के जवान खोज एवं बचाव कार्यों को अंजाम देंगे। जनसंपर्क विभाग के सहायक संचालक राजेश परते को ‘सूचना एवं मीडिया अधिकारी’ नामित किया गया है, जो प्रेस ब्रीफिंग, आधिकारिक प्रेस रिलीज जारी करने और आपदा सूचना केंद्रों की स्थापना हेतु जिम्मेदार होंगे।

चिकित्सा सेवाओं के लिए डॉ. जयपाल सिंह ठाकुर, CMHO और सिविल सर्जन को स्वास्थ्य प्रबंधन और एम्बुलेंस प्रेषण का दायित्व सौंपा गया है। अन्य महत्वपूर्ण नियुक्तियों में आर.के. हनुमंते, कार्यपालन यंत्री PWD को राहत कैंपों व हेलीपैड की व्यवस्था हेतु ‘सुविधा प्रदाय यूनिट हेड’, श्री देवेश वाथम को ‘परिवहन प्रमुख’, और प्रमोद कुमार गेडाम को ‘ऊर्जा यूनिट हेड’ के रूप में बिजली व्यवस्था सुनिश्चित करने का प्रभार दिया गया है।

पूर्वी तिवारी, डिप्टी कलेक्टर को ‘योजना सेक्शन प्रमुख’ के रूप में इंसिडेंट एक्शन प्लान तैयार करने की जिम्मेदारी मिली है। इसके अतिरिक्त बुजुर्गों, बच्चों और गर्भवती महिलाओं जैसे कमजोर समूहों की सुरक्षा हेतु सामाजिक न्याय और महिला बाल विकास विभाग को विशेष योजनाएं तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।

यह व्यवस्था जिले की सभी तहसीलों में भी तत्काल प्रभाव से लागू की गई है, जहाँ स्थानीय अनुविभागीय अधिकारी और तहसीलदार मिलकर बाढ़ राहत कार्यों का संचालन करेंगे।

Tags:

💬 Comments
?

No comments yet. Be the first to comment!

खबरें और भी arrow-right Created with Sketch Beta.