कटनी- कलेक्टर आशीष तिवारी ने कहा है कि स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के अंतर्गत आयोजित होने वाले विश्व के सबसे बड़े स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 में कटनी जिला अपनी संकल्पबद्धता और जन-सहयोग के अनूठे संगम के साथ अग्रणी भूमिका निभा रहा है।
जिले में नगर निगम कटनी सहित कुल 4 नगरीय निकायों क्रमशः कैमोर, बरही और विजयराघवगढ़ में स्वच्छता के प्रति यहां के नागरिकों के मन में उत्साह और चेतना जाग्रत हुई है।
यह इस बात का द्योतक है कि नागरिक अपने शहर की स्वच्छता के प्रति सजग हैं।साथ ही संबंधित नगरीय निकाय की यह उस सामूहिकता का भी परिचायक है जो कटनी जिले को स्वच्छता के शिखर पर बनाए रखने के लिए तत्पर है।
यह आगामी रैंकिंग में कटनी जिले के नगरीय निकायों के शहरों की स्थिति को और अधिक सुदृढ़ बनाने में सहायक सिद्ध होगा।नागरिकों से अनुरोध है कि वे दिये गये क्यूआर कोड को स्कैन कर स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 में अपना फीडबैक दर्ज करे।
स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 के सर्वेक्षण की सबसे अभिनव और क्रांतिकारी विशेषता इसकी मूल्यांकन प्रणाली में किया गया मूलभूत परिवर्तन है, जिसमें ‘नागरिक फीडबैक’ और ‘जन-शिकायत निवारण’ (ग्रीवांस रिड्रेसल) को मुख्य आधार बनाया गया है। पूर्ववर्ती सर्वेक्षणों की तुलना में इस बार रैंकिंग की गणना में नागरिकों की प्रतिक्रिया और उनकी शिकायतों के त्वरित व प्रभावी समाधान को अत्यधिक महत्व और वेटेज प्रदान किया गया है।
इससे स्वच्छता के प्रबंधन को केवल प्रशासनिक सक्रियता तक सीमित न रखकर इसे पूर्णतः नागरिक-केंद्रित बनाना है। अब शहरों की सफलता का पैमाना केवल कागजी आंकड़े नहीं, बल्कि धरातल पर नागरिकों का संतुष्टि स्तर और उनकी समस्याओं के निराकरण की गतिशीलता होगी।
कटनी जिले के नगरीय निकायों में नवीन व्यवस्था के अनुरूप कार्य योजना तैयार की गई है, जिसमें अपशिष्ट प्रबंधन और दृश्य स्वच्छता के साथ नागरिक संवाद को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
जिला प्रशासन का निरंतर प्रयास है कि स्वच्छता के इस महाभियान में तकनीक और पारदर्शिता का समावेश कर हर नागरिक को इस प्रक्रिया का एक सक्रिय हिस्सा बनाया जाए।







No comments yet. Be the first to comment!