कलेक्टर ने किया आंगनबाडी केन्द्र का निरीक्षण सुपरवाईजर सहित कार्यकर्ता, सहायिका को नोटिस जारी

श्योपुर कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा द्वारा आदिवासी विकासखण्ड कराहल के ग्राम नसीहर स्थित आंगनबाडी केन्द्र का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत सौम्या आनंद, अपर कलेक्टर रूपेश उपाध्याय आदि उपस्थित रहें।
कलेक्टर शीला दाहिमा द्वारा आंगनबाडी केन्द्र के निरीक्षण के दौरान आंगनबाडी कार्यकर्ता किरण जाटव से आंगनबाडी केन्द्र संचालन के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई तथा गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को समय पर टीएचआर वितरण के निर्देश दिये गये।
आंगनबाडी केन्द्र में दर्ज 30 बच्चों की जानकारी पोषण ट्रेकर एप में किये जाने के निर्देश भी प्रदान किये गये, इस दौरान नाश्ते और खाने का सैम्पल नही रखने, रिकार्ड रजिस्टर व्यवस्थित नही पाये जाने तथा टीएचआर वितरण नही होने पर आंगनबाडी कार्यकर्ता श्रीमती किरण जाटव, सहायिका राधा गुर्जर तथा सेक्टर के सुपरवाईजर सुरेन्द्र सिंह कतरोलिया को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिये गये।

ग्रामीणों एवं बच्चों से चर्चा, शिक्षकों की शिकायत पर जांच के निर्देशकलेक्टर शीला दाहिमा द्वारा आंगनबाडी केन्द्र निरीक्षण के दौरान ही परिसर में स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय नसीहर के संबंध में भी ग्रामीणों से चर्चा की गई तथा बच्चों से पढाई के बारे में जानकारी ली गई।
बच्चों एवं ग्रामीणों ने बताया कि वर्तमान में ग्रीष्माकालीन अवकाश के चलते विद्यालय बंद है, लेकिन स्कूल खुलने के समय भी शिक्षक नियमित रूप से नही आते है तथा विद्यालय में पूरे समय तक नही रूकते है, इस कारण बच्चों की पढाई प्रभावित होती है।
इस पर कलेक्टर शीला दाहिमा द्वारा सहायक आयुक्त आदिम जाति कल्याण राकेश गुप्ता को दूरभाष पर निर्देश दिये गये कि ग्रामीणों द्वारा की गई शिकायत के संबंध में जांच की जाये तथा दोषी पाये जाने पर संबंधित शिक्षको के विरूद्ध कडी कार्यवाही सुनिश्चित की जायें।
CM Madhya Pradesh Jansampark Madhya Pradesh Department of Tribal Welfare, Madhya Pradesh Department Of Women Child Development, Madhya Pradesh #JansamparkMP #sheopur