सिवनी:संभागायुक्त जबलपुर श्री धनंजय सिंह ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संभाग के कलेक्टरों एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली।
बैठक में आगामी जनकल्याणकारी कार्यक्रमों, कृषि, पेयजल, स्वास्थ्य, राजस्व, सड़क सुरक्षा तथा जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों की विस्तार से समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक में 5 जून से प्रारंभ हुए “एक पेड़ मां के नाम” अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकाधिक पौधरोपण एवं उसके संरक्षण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
साथ ही 12 से 18 जून तक आयोजित होने वाले खंड स्तरीय जनकल्याण शिविरों की तैयारियों तथा 19-20 जून को प्रस्तावित प्राकृतिक खेती कार्यशाला एवं 21 जून को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम की तैयारियों की भी समीक्षा की गई।
संभागायुक्त ने जल गंगा अभियान के तहत चल रहे कार्यों की जिलेवार एवं विभागवार समीक्षा करते हुए शेष कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने एकल नल-जल योजनाओं की स्वीकृति एवं प्रगति की जानकारी लेते हुए सतत एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा जल गुणवत्ता की नियमित सैंपलिंग कराने के निर्देश दिए।
बैठक में राजस्व न्यायालयों के रोस्टरवार निरीक्षण, सीएम हेल्पलाइन में लंबित शिकायतों के निराकरण तथा सीएम मॉनिटरिंग एवं सीएस मॉनिटरिंग के प्रकरणों की समीक्षा भी की गई। उन्होंने लंबे समय से लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सड़क सुरक्षा की समीक्षा के दौरान संभागायुक्त ने जिलों में नियमित रूप से जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित करने, प्रमुख मार्गों पर चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स के सुधार एवं दुर्घटना नियंत्रण के लिए प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रधानमंत्री राहत योजना तथा विस्फोटक पदार्थ लाइसेंस धारकों के निरीक्षण की प्रगति की भी समीक्षा की।
खरीफ सीजन को देखते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि जिले में खाद एवं बीज की उपलब्धता में किसी प्रकार की समस्या न आने पाए। इसके लिए जिलेवार भंडारण की समीक्षा कर अग्रिम भंडारण सुनिश्चित किया जाए।
स्वास्थ्य एवं महिला-बाल विकास से जुड़े विषयों की समीक्षा करते हुए संभागायुक्त ने कुपोषित बच्चों के चिन्हांकन, मुख्यमंत्री बाल आरोग्य संवर्धन कार्यक्रम में पंजीयन, तथा गर्भवती महिलाओं के एएनसी पंजीयन की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने पात्र हितग्राहियों का शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
खाद्य सुरक्षा के संबंध में उन्होंने खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग को नियमित जांच अभियान चलाने तथा अमानक एवं मिलावटी खाद्य पदार्थों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जनजातीय कार्य विभाग की समीक्षा के दौरान संभागायुक्त ने छात्रावासों का नियमित निरीक्षण करने तथा आगामी शैक्षणिक सत्र में छात्रावासों में क्षमता के अनुरूप शत-प्रतिशत प्रवेश सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही छात्रवृत्ति वितरण की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अंजली शाह, अपर कलेक्टर सुश्री सुनीता खंडायत सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
CM Madhya Pradesh Jansampark Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav #seoni Jabalpur Commissioner







No comments yet. Be the first to comment!