राजस्व कार्यो के लिए पदस्थ अधिकारी शत प्रतिशत निराकरण करें-डीएम

By Gaurav Kabir

Published on: May 14, 2026

श्योपुर- कलेक्टर शीला दाहिमा ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित राजस्व अधिकारियों की बैठक में कहा कि शासन के निर्देशानुसार न्यायालयीन और गैर न्यायालयीन कार्यो के लिए अब पृथक-पृथक राजस्व अधिकारियों को दायित्व सौपा गया है,

श्योपुर- कलेक्टर शीला दाहिमा ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित राजस्व अधिकारियों की बैठक में कहा कि शासन के निर्देशानुसार न्यायालयीन और गैर न्यायालयीन कार्यो के लिए अब पृथक-पृथक राजस्व अधिकारियों को दायित्व सौपा गया है, इसलिए जिन तहसीलदारों और प्रभारी तहसीलदारों को राजस्व कार्यो के लिए नामांकित किया गया है, वे नियमित रूप से राजस्व न्यायालयों में बैठकर राजस्व प्रकरणों का निराकरण करेंगे। यह अधिकारी प्रतिदिन प्रातः 10.30 बजे से सांय 06 बजे तक राजस्व न्यायालयों का ही कार्य करेंगे।तहसील क्षेत्र में लॉ एण्ड ऑर्डर तथा अन्य कार्यो के लिए अलग से कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की नियुक्ति कर दी गई है। इसलिए जिन राजस्व अधिकारियों को न्यायालय में बैठकर कामकाज करने की जिम्मेदारी सौपी गई है, वे राजस्व प्रकरणों का शत प्रतिशत निराकरण करें।

राजस्व न्यायालयों के कार्यो को संपादित करने के लिए नियुक्त तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार बगैर कलेक्टर की पूर्व अनुमति के राजस्व न्यायालय से अनुपस्थित नही रहेंगे। इस आदेश का उल्लंघन होने पर संबंधितो के विरूद्ध डाईजनॉन की कार्यवाही प्रस्तावित की जायेगी।

बैठक के दौरान अपर कलेक्टर रूपेश उपाध्याय, एसडीएम श्योपुर गगन सिंह मीणा, कराहल बीएस श्रीवास्तव, विजयपुर अभिषेक मिश्रा, डिप्टी कलेक्टर संजय जैन एवं विजय शाक्य, एसएलआर कुलदीप बोहरे सहित सभी तहसीलदार, नायब तहसीलदार उपस्थित थे।

कलेक्टर शीला दाहिमा ने अविवादित नामांतरण प्रकरणों की समीक्षा के दौरान निर्देश दिये कि कराहल में सबसे कम 31 प्रतिशत निराकरण है, पाण्डोला वृत्त में सर्वाधिक 61 प्रतिशत निराकरण है। उन्होने कहा कि सभी राजस्व अधिकारी नामांतरण प्रकरणों का शत प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करें। इसके साथ ही अविवादित बटवारा प्रकरणों की समीक्षा में पाया गया कि कराहल का निराकरण प्रतिशत सबसे कम 18 प्रतिशत है तथा निराकरण का सर्वाधिक प्रतिशत पहेला वृत्त का है।

इसी प्रकार सीमांकन का कुल निराकरण प्रतिशत 73 पाया गया, श्योपुर, अगरा, गसवानी, मानपुर, प्रेमसर, पाण्डोला में शत प्रतिशत निराकरण पाया गया। कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा ने निर्देश दिये कि अ-16 से संबंधित वसूली प्रकरण दर्ज करते हुए राजस्व वसूली सुनिश्चित की जायें तथा नवीन राजस्व वर्ष में वसूली का कार्य मासिक लक्ष्य के आधार पर पूर्ण किया जाये। इसके साथ ही उन्होंने शत प्रतिशत किसानों की फार्मर रजिस्ट्री का कार्य पूर्ण कराये जाने के निर्देश भी दिये। उन्होंने कहा कि टैम्पल रिकार्ड पोर्टल पर दर्ज आपत्तियों का तत्परता से निराकरण किया जायें। यह पोर्टल श्योपुर जिले में मंदिरों की भूमि से संबंधित जानकारी के लिए ऑनलाइन उपलब्ध है। कोई भी नागरिक मंदिर की भूमि किसके नाम दर्ज है, इसकी जानकारी देख सकता है तथा रेज ऑव्जेक्शन विकल्प के माध्यम से आपत्ति या सुझाव ऑनलाइन प्रस्तुत किये जा सकते है।

वर्षाकाल से पूर्व जल निकासी की उचित व्यवस्थाएं बनाने के निर्देशकलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा ने सभी राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिये कि वर्षाकाल से पूर्व अपने-अपने क्षेत्र में ग्रामों का भ्रमण कर ऐसे स्थानों का चिन्हांकन किया जायें, जहां जल भराव की स्थिति निर्मित होती आई है। ऐसे स्थानों पर जल निकासी की उचित व्यवस्थाएं कराई जायें, अपने-अपने राजस्व क्षेत्र में पंचायतों से समन्वय कर नालों की साफ-सफाई तथा जल निकासी के प्रबंध सुनिश्चित किये जायें। उन्होंने बडौदा में संचालित नाला निर्माण कार्य को तेजी से पूर्ण कराने तथा साफ-सफाई के लिए और अधिक संसाधन बढाये जाने के निर्देश भी दिये।

न्यायालयीन एवं गैर न्यायालयीन कार्यो के लिए राजस्व अधिकारियों का कार्य विभाजनकलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा द्वारा शासन निर्देशो के परिपेक्ष्य में न्यायालयीन एवं गैर न्यायालयीन कार्यो के लिए राजस्व अधिकारियों के मध्य कार्य विभाजन किया गया है। जारी आदेश के अनुसार प्रभारी तहसीलदार श्योपुर श्रीमती मनीषा मिश्रा को तहसीलदार न्यायालय श्योपुर एवं न्यायालय नायब तहसीलदार वृत्त प्रेमसर का कार्य सौपा गया है। वृत्त मानपुर के लिए प्रभारी नायब तहसीलदार श्री टीएस लकडा को राजस्व न्यायालय की जिम्मेदारी सौपी गई है, जबकि प्रभारी नायब तहसीलदार श्री दर्शनलाल बौद्ध को गैर न्यायालयीन कार्यो के लिए संपूर्ण श्योपुर तहसील क्षेत्र के लिए कार्यपालिक मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है।इसी प्रकार प्रभारी तहसीलदार श्री सुरेश राठौर को न्यायालय तहसीलदार बडौदा एवं न्यायालय नायब तहसीलदार पाण्डोला की जिम्मेदारी दी गई है। बडौदा तहसील अंतर्गत गैर न्यायालयीन कार्यो के लिए प्रभार नायब तहसीलदार शैलेन्द्र देव सिंह सेगर को कार्यपालिक मजिस्ट्रेट बनाया गया है। न्यायालय तहसीलदार कराहल के लिए प्रभारी तहसीलदार रोशनी शेख को राजस्व कार्यो के लिए जिम्मेदारी दी गई है। प्रभारी नायब तहसीलदार श्री नरेन्द्र जैन न्यायालय नायब तहसीलदार वृत्त गोरस एवं वृत्त पहेला का कार्य देखेगे, जबकि प्रभारी नायब तहसीलदार श्री नरेश रायपुरिया को कराहल तहसील क्षेत्र के लिए गैर न्यायालयीन कार्यो हेतु कार्यपालिक मजिस्ट्रेट बनाया गया है।

प्रभारी तहसीलदार रजनी बघेल को राजस्व न्यायालय विजयपुर का दायित्व सौपा गया है तथा प्रभारी नायब तहसीलदार रविशंकर शर्मा को न्यायालय नायब तहसीलदार वृत्त गसवानी एवं वृत्त अगरा की जिम्मेदारी सौपी गई है।विजयपुर तहसील के लिए प्रभारी नायब तहसीलदार राकेश कुमार शर्मा को गैर न्यायालयीन कार्यो के लिए कार्यपालिक मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। वीरपुर तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार वृत्त रघुनाथपुर में प्रभारी तहसीलदार श्री वीरेन्द्र सिंह बघेल को न्यायालयीन कार्यो के लिए जिम्मेदारी दी गई है, जबकि वीरपुर तहसील अंतर्गत गैर न्यायालयीन कार्यो के लिए प्रभारी नायब तहसीलदार श्री विनोद सिंह तोमर को कार्यपालिक मजिस्ट्रेट बनाया गया है।

Tags:

💬 Comments

No comments yet. Be the first to comment!

खबरें और भी arrow-right Created with Sketch Beta.