सिवनी :भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय के निर्देशानुसार जिले एवं तहसील स्तर पर 18 से 25 मई 2026 तक “जन भागीदारी – सबसे दूर, सबसे पहले” अभियान संचालित किया जाएगा। यह अभियान विशेष रूप से जनजातीय क्षेत्रों तथा पीएम जनमन एवं DA-JGUA से संबंधित ग्रामों में आयोजित होगा। अभियान का उद्देश्य दूरस्थ एवं विशेष पिछड़ी जनजातीय समुदायों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना एवं पात्र हितग्राहियों का शत-प्रतिशत संतृप्तिकरण सुनिश्चित करना है।
अभियान के दौरान प्रतिदिन ग्राम स्तर पर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। 18 से 25 मई तक चयनित ग्रामों में विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा ग्राम भ्रमण कर हितग्राहियों से सीधा संवाद स्थापित किया जाएगा तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। इस अवधि में ग्रामों में सैचुरेशन कैंप आयोजित किए जाएंगे, जिनमें पात्र व्यक्तियों को आधार पंजीयन, बैंकिंग सेवाएं, राशन कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य शासकीय योजनाओं से जोड़ने के लिये पात्रता परीक्षण, आवेदन एवं मौके पर निराकरण की कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य परीक्षण एवं स्वास्थ्य जागरूकता गतिविधियां भी संचालित होंगी। इनमें सामान्य स्वास्थ्य जांच, सिकल सेल एनीमिया जागरूकता, पोषण परामर्श तथा निवारक स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्रदान की जाएगी। 18 से 25 मई तक ग्राम स्तरीय गतिविधियों में ग्राम भ्रमण एवं स्थानीय समस्याओं का अवलोकन, ग्रामीणों के साथ बैठक एवं योजनाओं का प्रचार-प्रसार, पात्र हितग्राहियों की पहचान, स्वास्थ्य परीक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम, जन सुनवाई तथा शिकायतों के निराकरण के लिये विभागीय कार्रवाई शामिल रहेगी। साथ ही अभियान की गतिविधियों का फोटो, वीडियो एवं प्रलेखन भी सुनिश्चित किया जाएगा।
अभियान में ग्राम पंचायतों, स्व-सहायता समूहों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं समुदाय की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी, जिससे शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके। जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों में आयोजित शिविरों एवं गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता कर शासन की योजनाओं का अधिकतम लाभ प्राप्त करें।






No comments yet. Be the first to comment!