औरंगाबाद:पंचायत विकास दिवस 2026,थीम – “महिला हितैषी ग्राम पंचायत
महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा, नेतृत्व एवं समावेशी ग्रामीण विकास के संकल्प के साथ औरंगाबाद जिले में पंचायत विकास दिवस का जिला स्तरीय समारोह उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।
आज मदनपुर प्रखंड अंतर्गत बनिया पंचायत स्थित राणा रामेश्वर +2 उच्च विद्यालय, बनिया घटराइन में आयोजित जिला स्तरीय समारोह का उद्घाटन माननीया मंत्री, पिछड़ा वर्ग एवं अतिपिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, बिहार सरकार-सह-प्रभारी मंत्री, औरंगाबाद श्रीमती रमा निषाद ने दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी श्रीमती अभिलाषा शर्मा, जनप्रतिनिधिगण, जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, जीविका दीदियाँ, आशा कार्यकर्ता, पंचायत प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत के सामूहिक गायन से हुआ। छात्राओं द्वारा प्रस्तुत स्वागत गान ने समारोह को सांस्कृतिक गरिमा प्रदान की।
इस अवसर पर माननीया प्रभारी मंत्री का जिला पदाधिकारी द्वारा बुके एवं शॉल भेंटकर सम्मान किया गया। साथ ही विभिन्न जनप्रतिनिधियों एवं अतिथियों का भी सम्मान किया गया।
अपने संबोधन में माननीया प्रभारी मंत्री श्रीमती रमा निषाद ने कहा कि पंचायत विकास दिवस केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि ग्राम पंचायतों को आत्मनिर्भर, उत्तरदायी एवं जनभागीदारी आधारित विकास की दिशा में आगे बढ़ाने का सशक्त अभियान है। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को पंचायत विकास दिवस आयोजित कर ग्रामीण विकास की योजनाओं को जनता से सीधे जोड़ने का कार्य कर रही है।
उन्होंने इस माह की थीम “महिला हितैषी ग्राम पंचायत” को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि किसी भी समाज का समग्र विकास तभी संभव है, जब उसकी महिलाएँ सुरक्षित, शिक्षित, स्वस्थ एवं आर्थिक रूप से सशक्त हों। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से आह्वान किया कि ग्राम सभाओं में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें, जीविका समूहों को और अधिक सशक्त बनाएं तथा प्रत्येक पात्र महिला तक सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुँचाएँ।
उन्होंने पंचायत सरकार भवन, मुख्यमंत्री ग्रामीण विवाह मंडप योजना, मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना, मोक्षधाम निर्माण, पंचायत स्तर पर RTPS सेवाओं, आधार अद्यतन, खेल मैदानों के विकास तथा पंद्रहवें एवं राज्य वित्त आयोग की राशि से किए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण आधारभूत संरचना के साथ-साथ सामाजिक विकास को भी गति देना है।
जिला पदाधिकारी श्रीमती अभिलाषा शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि पंचायत विकास दिवस ग्राम पंचायतों को अधिक सशक्त, पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाने का प्रभावी मंच है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2030 तक सतत विकास लक्ष्यों की प्राप्ति में ग्राम पंचायतों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसके लिए प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि महिला हितैषी ग्राम पंचायत का अर्थ केवल महिलाओं के लिए योजनाएँ संचालित करना नहीं, बल्कि ऐसा सामाजिक वातावरण तैयार करना है जहाँ प्रत्येक बेटी को शिक्षा मिले, प्रत्येक महिला को सम्मान, सुरक्षा एवं समान अवसर प्राप्त हों, पंचायत की बैठकों में उनकी भागीदारी सुनिश्चित हो तथा जीविका एवं स्वरोजगार के माध्यम से वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें।
उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों एवं अधिकारियों से शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पेयजल, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास तथा आजीविका से संबंधित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया। साथ ही उन्होंने सभी ग्रामीणों से अपनी ग्राम पंचायत को स्वच्छ, शिक्षित, सुरक्षित, महिला हितैषी एवं आत्मनिर्भर बनाने का सामूहिक संकल्प लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान “महिला हितैषी ग्राम पंचायत” विषय पर विचार गोष्ठी एवं संवाद आयोजित किया गया, जिसमें महिलाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता, वित्तीय समावेशन, लैंगिक समानता, सरकारी योजनाओं की पहुँच एवं पंचायत स्तर पर महिलाओं की नेतृत्वकारी भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। पंचायतों में किए जा रहे नवाचारों एवं भावी कार्ययोजनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।
समारोह में उत्कृष्ट पंचायतों के विकास कार्यों पर आधारित प्रेरणादायी वीडियो का प्रदर्शन किया गया। उपस्थित लोगों ने माननीय प्रधानमंत्री के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम “मन की बात” के 135वें संस्करण का सामूहिक श्रवण किया। वहीं मद्यनिषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग द्वारा “विकसित भारत–समृद्ध बिहार” अभियान के अंतर्गत नशामुक्त बिहार एवं शराबबंदी पर आधारित प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायती राज पदाधिकारी, वरीय उप समाहर्ता, निदेशक डीआरडीए, जिला स्तरीय पदाधिकारीगण, प्रखंड स्तरीय अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि, जीविका दीदियाँ, आशा कार्यकर्ता, स्वयं सहायता समूहों की सदस्याएँ एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता ने इस आयोजन को जनभागीदारी का सशक्त उदाहरण बनाया।
आइए, हम सभी मिलकर अपनी ग्राम पंचायत को महिला हितैषी, स्वच्छ, सुरक्षित, समृद्ध, आत्मनिर्भर एवं सतत विकास लक्ष्यों के अनुरूप विकसित पंचायत बनाने का संकल्प लें।
Panchayati Raj Department, Government of Bihar Information & Public Relations Department, Government of Bihar CMO Bihar







No comments yet. Be the first to comment!