सिवनी/ कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना की अध्यक्षता में स्कूल शिक्षा विभाग, जनजातीय कार्य विभाग एवं जिला शिक्षा केंद्र के अधिकारियों की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी शैक्षणिक सत्र की तैयारियों, विद्यार्थियों के नामांकन, पुस्तक एवं साइकिल वितरण, अपार आईडी निर्माण, छात्रावास व्यवस्थाओं तथा विभिन्न शैक्षणिक योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
कलेक्टर श्रीमती मीना ने सर्वप्रथम कक्षा पहली में बच्चों के नामांकन की स्थिति का अवलोकन करते हुए निर्देश दिए कि कोई भी पात्र बच्चा विद्यालय में प्रवेश से वंचित न रहे। उन्होंने घर-घर सर्वे अभियान चलाकर स्कूल से बाहर एवं छूटे हुए बच्चों का चिन्हांकन कर उनका तत्काल नामांकन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अन्य कक्षाओं में भी नामांकन की प्रगति की समीक्षा की।
कक्षावार ट्रांजिशन का अवलोकन करते हुए उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी स्तर पर विद्यार्थियों का ड्रॉपआउट न हो तथा सभी बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़े रखने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं।बैठक में पाठ्यपुस्तक वितरण की स्थिति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने शेष विद्यार्थियों तक समय पर पुस्तकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कक्षा 6वीं एवं 9वीं के विद्यार्थियों को साइकिल वितरण की प्रगति का भी अवलोकन किया। साथ ही विद्यार्थियों की अपार आईडी (APAAR ID) बनाए जाने की प्रगति की जानकारी लेकर निर्देश दिए कि स्कूलवार विशेष शिविर आयोजित कर शेष सभी विद्यार्थियों की अपार आईडी शीघ्र तैयार की जाए।
समीक्षा के दौरान नामांकन, ट्रांजिशन, पुस्तक वितरण, साइकिल वितरण, अपार आईडी निर्माण सहित विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों एवं योजनाओं में छपारा, लखनादौन एवं घंसौर विकासखंडों की अपेक्षित प्रगति नहीं पाए जाने पर कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने नाराजगी व्यक्त की।
उन्होंने संबंधित खंड स्तरीय अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश देते हुए सभी योजनाओं एवं गतिविधियों के प्रभावी क्रियान्वयन तथा समयबद्ध लक्ष्य प्राप्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने जर्जर स्कूल भवनों एवं छात्रावासों के चिन्हांकन की स्थिति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि ऐसे संस्थानों का संचालन सुरक्षित वैकल्पिक भवनों में किया जाए। उन्होंने जर्जर एवं अनुपयोगी भवनों को नियमानुसार डिस्मेंटल करने की कार्यवाही सुनिश्चित करने को भी कहा।छात्रावासों की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में छात्रावासों की सीटें रिक्त न रहें तथा उनका नियमित निरीक्षण किया जाए।
उन्होंने छात्रावास प्रारंभ होने से पूर्व पानी की टंकियों की सफाई, क्लोरीनेशन, स्वच्छता एवं अन्य मूलभूत व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही छात्रावासों के पुस्तकालयों में आवश्यक पुस्तकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा एमपीपीएससी, यूपीएससी, नीट, जेईई सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी संबंधी पुस्तकों की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन संसाधन उपलब्ध हो सकें।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्रीमती अंजली शाह सहित स्कूल शिक्षा विभाग, जनजातीय कार्य विभाग एवं जिला शिक्षा केंद्र के जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav Jansampark Madhya Pradesh #seoni Department of School Education, Madhya Pradesh Department of Tribal Welfare, Madhya Pradesh







No comments yet. Be the first to comment!