फुलौत में खेल मैदान की मांग तेज,युवाओं से मिले सामाजिक कार्यकर्ता विनोद आशीष

चौसा प्रखंड अंतर्गत फुलौत में शनिवार को सामाजिक कार्यकर्ता विनोद आशीष ने युवाओं के साथ बैठक कर क्षेत्र में खेल मैदान की आवश्यकता को लेकर चर्चा की।
यह बैठक फुलौत स्थित धूमेश्वर महादेव मंदिर परिसर के विवाह भवन में आयोजित की गई,जिसमें बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।बैठक में युवाओं ने अपनी समस्याएं रखते हुए बताया कि घनी आबादी वाले क्षेत्र होने के बावजूद आज तक फुलौत में एक भी समुचित खेल मैदान उपलब्ध नहीं है।
इससे सैनिक भर्ती की तैयारी करने वाले युवाओं को दौड़ एवं शारीरिक अभ्यास में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।वहीं क्रिकेट खेलने वाले खिलाड़ियों को भी पर्याप्त जगह नहीं मिलने से परेशानी उठानी पड़ रही है। युवाओं ने कहा कि कभी उन्हें कब्रिस्तान में क्रिकेट खेलना पड़ता है तो कभी एनएच जैसी खतरनाक जगहों पर दौड़ लगाने को मजबूर होना पड़ता है।
युवाओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए विनोद आशीष ने मैदान की मांग को लेकर संघर्ष करने और इसे हर हाल में उपलब्ध कराने का भरोसा दिया।
उन्होंने कहा कि मैदान के लिए सभी युवाओं को एकजुट होकर आवाज उठानी होगी।उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा, “आप सभी एक कदम बढ़ाइए,हम आपके साथ पूरी मजबूती से खड़े रहेंगे।इस दौरान कुछ युवाओं ने व्यायाम एवं कसरत के लिए मैट की आवश्यकता भी बताई।
इस पर आशीष ने तत्काल युवाओं को मैट उपलब्ध कराने की घोषणा की।मैट मिलने की जानकारी के बाद युवाओं में खुशी का माहौल देखा गया।बैठक में युवाओं को नशामुक्ति का संदेश भी दिया गया। विनोद आशीष ने कहा कि नशा युवाओं के भविष्य को बर्बाद कर देता है और सैनिक भर्ती, खेल तथा अन्य क्षेत्रों में सफलता पाने के लिए युवाओं को इससे दूर रहना होगा।कार्यक्रम के अंत में उपस्थित युवाओं ने विनोद आशीष के प्रयासों की सराहना करते हुए खेल मैदान की मांग को लेकर एकजुट होकर संघर्ष करने का संकल्प लिया।







No comments yet. Be the first to comment!