समय-सीमा बैठक में कलेक्टर श्री तिवारी ने की विभागीय कार्यों की समीक्षा
कटनी – कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने अधिकारियों को 82 जर्जर शाला भवनों के मेजर मरम्मत कार्य को आगामी 10 दिन के अंदर पूर्ण करने के निर्देश दिये हैं।
कलेक्टर ने सभी एसडीएम और जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को हिदायत दी है कि वे इन कार्यों की नियमित निगरानी करें, स्थल निरीक्षण करें। ताकि जिले में मानसून आने के पहले ही चिन्हित स्कूल भवनों का गुणवत्तापूर्ण मरम्मत कार्य पूर्ण हो।
कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने यह निर्देश मंगलवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित समय-सीमा बैठक में अधिकारियो को दिये। बैठक में जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर भी मौजूद रहीं।
रीठी सीईओ को चेतावनी
कलेक्टर श्री तिवारी ने लोक सेवा गारंटी अधिनियम के आवेदनों के प्रगति की समीक्षा के दौरान पाया कि विकासखंड रीठी में समय बाह्य आवेदनों की संख्या तुलनात्मक रूप से ज्यादा है। इसलिये उनके ऊपर दंड अधिरोपित करने की चेतावनी देते हुये बड़वारा जनपद सीईओ को भी समय बाह्य प्रकरणों के निराकरण की हिदायत दी।
कलेक्टर ने समय बाह्य के जन्म-मृत्यु और विवाह पंजीयन मामलों पर वांछित प्रगति नहीं होने और समय बाह्य मामलों के लिये नगर निगम के जन्म-मृत्यु शाखा के प्रभारी अधिकारी सागर नायक को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिये।
पोर्टल में दर्ज करें आवेदन
कलेक्टर ने समय-सीमा बैठक में अधिकारियों विशेषकर जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों और राजस्व अधिकारियों सहित नगरीय निकायों के अफसरों को स्पष्ट निर्देश दिये कि वे जनकल्याण शिविरों में प्राप्त आवेदनों को पोर्टल में शत-प्रतिशत दर्ज कराना सुनिश्चित करें।
लंबित शिकायतों को करें निराकृत
कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देशित किया कि 50 एवं 100 दिवसों से लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित हो।
जर्जर आंगनबाडि़यों की भी करायें मरम्मत
कलेक्टर श्री तिवारी ने महिला एवं बाल विकास की अधिकारी को निर्देशित किया कि वे जर्जर व मरम्मत योग्य आंगनबाड़ी केन्द्रों की मरम्मत कार्य प्राथमिकता से कराया जाना सुनिश्चित करें। साथ ही उन्होंने 82 शासकीय स्कूलों की मरम्मत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिये।
यूसीसी में दें फीडबैक
कलेक्टर श्री तिवारी ने अधिकारियों को ताकीद किया कि वे 22 जून तक अपने स्टाफ, नागरिकों और समाज के विभिन्न वर्गों से समान नागरिक संहिता के लिये तय वेबसाइट पर जाकर फीडबैक अवश्य देने का आग्रह करें। कलेक्टर ने कटनीवासियों से भी समान नागरिक संहिता पर वेबसाइट में सुझाव दर्ज कराने का आग्रह किया है।
फार्मर रजिस्ट्री में लायें प्रगति
कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों को किसानों की फार्मर रजिस्ट्री, सीमांकन, नामांतरण, फार्मर आईडी बकेटिंग के कार्यों में प्रगति लाने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे सीमांकन के लंबित मामलों का निराकरण करने के बाद ही स्थानांतरित पटवारियों को रिलीफ करें।कलेक्टर ने जिले में उर्वरक उपलब्धता, मलेरिया उन्मूलन, छात्रावासों में सुविधाओं व समस्याओं सहित संबल योजना के हितग्राहियों के पंजीयन, ज्ञान भारतम अभियान के तहत स्लीमनाबाद पुलिस थाने में उपलब्ध कर्नल स्लीमैन के कार्यकाल के दौरान के अभिलेखों सहित अन्य पाण्डुलिपियों का डिजिटलाईजेशन कराने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान संयुक्त कलेक्टर जितेन्द्र पटेल, डिप्टी कलेक्टर विंकी सिंहमारे उईके, एसडीएम कटनी प्रमोद चतुर्वेदी, एसडीएम विजयराघवगढ़ विवेक गुप्ता, एसडीएम ढीमरखेड़ा निधि सिंह गोहल, जिला पंजीयक पंकज कोरी, जिला आबकारी अधिकारी विभा मरकाम, जिला कार्यक्रम अधिकारी प्रतिभा पाण्डेय, जिला शिक्षा अधिकारी राजेश अग्रहरी, उपसंचालक पशु डॉ. आर के सोनी, जिला संयोजक आदिम जाति विमल चौरसिया, परियोजना अधिकारी मृगेन्द्र सिंह, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी प्रफुल्ल श्रीवास्तव मौजूद रहे।
#JansamparkMP #CMMadhyaPradesh #DrMohanYadav51 #udaypratapmp #jbpcommissioner #katni #कटनी







No comments yet. Be the first to comment!