समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में उपायुक्त श्री रवि आनंद की अध्यक्षता में मुहर्रम-2026 के सफल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन को लेकर जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री अनिमेष नैथानी सहित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा शांति समिति के सदस्यों ने भाग लिया।
बैठक में मुहर्रम के दौरान विधि-व्यवस्था संधारण, जुलूस मार्गों की सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजलापूर्ति, विद्युत व्यवस्था, स्वास्थ्य सुविधाओं एवं अन्य आवश्यक तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर समय रहते सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों, अंचल अधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं विद्युत विभाग के अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र के जुलूस मार्गों का संयुक्त निरीक्षण कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जुलूस मार्गों पर लटके हुए विद्युत तारों को व्यवस्थित किया जाए तथा आवश्यकतानुसार मरम्मत एवं सुरक्षा संबंधी उपाय किए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
बैठक में बताया गया कि पर्व के दौरान शांति एवं सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वाले तत्वों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया पर सतत निगरानी रखी जाएगी।
आमजनों से अपील की गई कि किसी भी अपुष्ट अथवा भ्रामक सूचना को व्हाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम, एक्स (ट्विटर) अथवा अन्य सोशल मीडिया माध्यमों पर साझा अथवा अग्रसारित न करें। किसी भी प्रकार की भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री की जानकारी तत्काल प्रशासन अथवा पुलिस को उपलब्ध कराएं।
बैठक में जानकारी दी गई कि समाहरणालय के पश्चिम स्थित जिला नियंत्रण कक्ष एवं पुलिस कंट्रोल रूम संयुक्त रूप से कार्य करेंगे। जिला नियंत्रण कक्ष दूरभाष संख्या 06541-253219 एवं मोबाइल संख्या 9117619352 तथा पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 एवं मोबाइल संख्या 9334103794 पर कार्यरत रहेगा। आमजन आवश्यक सूचना अथवा शिकायत इन माध्यमों से उपलब्ध करा सकते हैं।
विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर आवश्यक सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिया कि संवेदनशील स्थलों एवं जुलूस मार्गों पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। साथ ही संदिग्ध गतिविधियों एवं असामाजिक तत्वों पर प्रभावी निगरानी के लिए सादे लिबास में भी पुलिस कर्मियों की तैनाती की जाएगी।
बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि अवैध शराब एवं नशीले पदार्थों के कारोबारियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इस संबंध में सभी थाना प्रभारियों एवं उत्पाद विभाग को आवश्यक निर्देश दिए गए।
सिविल सर्जन को मुहर्रम के दौरान एम्बुलेंस एवं मेडिकल टीम को सक्रिय रखने तथा स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। वहीं संबंधित विभागों को साफ-सफाई, पेयजलापूर्ति एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए गए।
उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने जिलेवासियों से आपसी भाईचारा, सामाजिक सद्भाव एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मुहर्रम पर्व मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिले की सामाजिक एकता एवं सांप्रदायिक सौहार्द की परंपरा को बनाए रखना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है।
बैठक में अपर समाहर्ता श्री अरविंद कुमार, निदेशक डीआरडीए श्रीमती अलका कुमारी, अनुमंडल पदाधिकारी चतरा श्री जहूर आलम, अनुमंडल पदाधिकारी सिमरिया, जिला परिवहन पदाधिकारी श्री माहेश्वरी प्रसाद, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, डीएसपी मुख्यालय, सभी संबंधित अंचल अधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, थाना प्रभारी, शांति समिति के सदस्य एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
Office of Chief Minister, Jharkhand IPRD Jharkhand Hemant Soren







No comments yet. Be the first to comment!