सिवनी/ मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत जिले में संचालित गतिविधियों एवं 07 अगस्त को आयोजित शिविरों के संबंध में 08 अगस्त को मुख्य सचिव श्री अशोक वर्णवाल ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के कलेक्टर्स एवं कमिश्नर्स के साथ चर्चा की। सिवनी से कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना सहित संबंधित अधिकारी वीडियो कांफ्रेंसिंग में शामिल हुए।
वीसी के दौरान मुख्य सचिव ने अभियान के तहत आयोजित शिविरों में प्राप्त आवेदनों के त्वरित एवं समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिविरों में प्राप्त प्रत्येक आवेदन पर कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए उसके निराकरण की नियमित समीक्षा की जाए।
मुख्य सचिव ने आगामी शिविरों में सीएम हेल्पलाइन एवं लोक सेवा गारंटी अधिनियम से संबंधित प्रकरणों को प्राथमिकता के साथ निराकृत करने के निर्देश दिए। साथ ही प्राप्त आवेदनों की प्रगति और फॉलोअप की समीक्षा टीएल बैठक में करने को कहा।
उन्होंने ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं की स्थिति पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। बंद ट्रांसफार्मरों, नल-जल योजनाओं एवं हैंडपंपों की स्थिति की समीक्षा कर खराब व्यवस्थाओं का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने को कहा गया।
वीसी में नागरिकों को 108 एंबुलेंस सेवा समय पर मिल रही है या नहीं, इसकी जानकारी लेने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रों में नवाचार और उल्लेखनीय कार्य करने वाले युवाओं एवं प्रबुद्धजनों से संवाद कर उनके अनुभवों का लाभ लेने पर जोर दिया गया।
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण, शासकीय सेवाओं की बेहतर पहुंच तथा नागरिकों और प्रशासन के बीच विश्वास एवं संवाद को और मजबूत करना है। CM Madhya Pradesh Jabalpur Commissioner Jansampark Madhya Pradesh #seoni






No comments yet. Be the first to comment!