
अनुमंडल क्षेत्र में कई जगहों पर फरारियों के घर हुई कुर्की क्षेत्र में एक साथ कुर्की जब्ती का महाअभियान चलाया गया, आधा दर्जन लोगों के घर किए गए कुर्क
उदाकिशुनगंज अनुमंडल क्षेत्र में गुरूवार को पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में कुर्की जब्ती कार्रवाई का महाअभियान चलाया। इस दौरान फरार अपराधियों, आरोपितों के घर कुर्की जब्ती की गई। कुर्की जब्ती से इलाके में हड़कंप मच गया।परिजन परेशान हो गए।
पहली बार सभी थाना क्षेत्र में एक साथ कुर्की जब्ती की बड़ी कार्रवाई की गई। उदाकिशुनगंज के एसडीपीओ अविनाश कुमार ने बताया कि इस तरह के अभियान लगातार चलता रहेगा। अपराधियों पर नकेल कसने के लिए पुलिस तत्पर है। उन्होंने कहा कि इलाके में किसी भी सूरत में अपराधियों को पनपने नहीं दिया जाएगा। अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई चल रही है।
पुलिस समय पर जांच रिपोर्ट कोर्ट में समर्पित कर रहे हैं। जिस कारण अब फरारियों की खैर नहीं। कुर्की जब्ती के मामले में सभी थानाध्यक्षों को जरूरी निर्माण दिए गए। कार्रवाई में किसी भी तरह की ढिलाई नहीं होगी। जानकारी के अनुसार अनुमंडल के उदाकिशुनगंज, बिहारीगंज, अरार, पुरैनी, चौसा, आलमनगर, रतवारा थाना क्षेत्र में कुर्की जब्ती का महाअभियान चलाया गया। इस दौरान आधा दर्जन से अधिक लोगों के घर और समान कुर्क किए गए। घरों को तोड़ा गया। घर के सारे सामान जब्त किया गया। एसडीपीओ ने बताया कि वर्षों से फरार अपराधियों और आरोपितों के घर कुर्की की गई।
कुर्की जब्ती के दौरान किसी तरह का व्यवधान सामने नहीं आए। इसके लिए बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारियों और पुलिस बलों को कार्रवाई में शामिल किया गया। घर कुर्क होता देख किया सरेंडर उदाकिशुनगंज थाना क्षेत्र के महेशुआ गांव में खोखा सिंह नामक ने घर कुर्की होता देखकर पुलिस के समक्ष सरेंडर कर दिया। वांक्षित आरोपित के सरेंडर करने पर कार्रवाई अभियान रोक दिया गया। पुलिस ने बताया कि खोखा सिंह कई मामलों में वांक्षित है। वह फरार चल रहे थे।