देश में कच्चे तेल, पेट्रोल, डीज़ल, प्राकृतिक गैस और एलपीजी का पर्याप्त भंडार:सरकार

By Gaurav Kabir

Published on: May 21, 2026

दिल्ली: सरकार ने आश्‍वस्‍त किया है कि देश में कच्चे तेल, पेट्रोल, डीज़ल, प्राकृतिक गैस और एलपीजी का पर्याप्त भंडार है और रिफाइनरी संयंत्र माँग को पूरा करने के लिए अपनी पूरी क्षमता से काम

दिल्ली: सरकार ने आश्‍वस्‍त किया है कि देश में कच्चे तेल, पेट्रोल, डीज़ल, प्राकृतिक गैस और एलपीजी का पर्याप्त भंडार है और रिफाइनरी संयंत्र माँग को पूरा करने के लिए अपनी पूरी क्षमता से काम कर रही हैं। एलपीजी का उत्पादन बढ़ा दिया गया है और प्रति दिन रिफाइनरी संयंत्र में लगभग 46 से 47 हज़ार टन एलपीजी का उत्पादन हो रहा है।

पश्चिम एशिया की स्थिति पर नई दिल्ली में हुई एक ब्रीफिंग को संबोधित करते हुए पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने कहा कि आपूर्ति स्थिर बनी हुई है, और सभी पेट्रोल पंपों पर उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं।

एलपीजी की आपूर्ति स्थिर है और पिछले तीन दिनों में एक करोड़ 34 लाख घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की डिलीवरी की गई है, जबकि पहली मई से अब तक वाणिज्यिक सिलेंडरों की आपूर्ति एक लाख 32 हज़ार टन रही है।

प्राकृतिक गैस के बारे में उन्होंने बताया कि पीएनजी कनेक्शनों का विस्तार हो रहा है और मार्च से अब तक 7 लाख 60 हजार से ज़्यादा घरों को इससे जोड़ा जा चुका है। साथ ही 2 लाख 81 हजार पीएनजी कनेक्शनों के लिए बुनियादी ढाँचा तैयार कर लिया गया है।

पीएनजी के लिए लगभग 8 लाख नए पंजीकरण किए गए हैं। नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के लिए भी कार्रवाई चल रही है, जिसके तहत पिछले कुछ दिनों में नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ निरीक्षण, जुर्माना और नोटिस जारी किए गए हैं। उन्होंने नागरिकों से अफरा तफरी में ज़्यादा खरीदारी न करने की अपील की, और कहा कि ईंधन का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है।

उन्होंने लोगों को सलाह दी कि वे केवल अपनी ज़रूरत के हिसाब से ही खरीदारी करें और ऊर्जा बचाएँ।

पत्‍तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय के अपर सचिव मुकेश मंगल ने कहा कि वे नाविकों की सुरक्षा और समुद्री परिचालन को सुचारू रूप से चलाने के लिए विदेश मंत्रालय, भारतीय मिशनों और समुद्री क्षेत्र से जुड़े हितधारकों के साथ लगातार समन्वय बनाए हुए हैं। उन्होंने पुष्टि की कि इस क्षेत्र में मौजूद सभी भारतीय नाविक सुरक्षित हैं, और पिछले 72 घंटों में भारतीय ध्वज वाले किसी भी जहाज़ या भारतीय चालक दल वाले किसी भी विदेशी जहाज़ से जुड़ी किसी भी घटना की कोई खबर नहीं मिली है।

मंत्रालय ने अब तक तीन हजार 300 से ज़्यादा भारतीय नाविकों की सुरक्षित वापसी में भी मदद की है, जिसमें पिछले तीन दिनों में लौटे 99 नाविक भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि पूरे देश में बंदरगाहों का परिचालन सामान्य रूप से चल रहा है, और कहीं भी भीड़भाड़ या रुकावट की कोई खबर नहीं है।

Tags:

💬 Comments
?

No comments yet. Be the first to comment!

खबरें और भी arrow-right Created with Sketch Beta.