जल संरक्षण जनआंदोलन बने, हर खेत में तालाब और हर घर में वर्षा जल संचयन हो – विधायक दिनेश राय

By Gaurav Kabir

Published on: अभी-अभी

सिवनी जल गंगा संवर्धन अभियान के जिला स्तरीय समापन कार्यक्रम का आयोजन शनिवार को मानस भवन, सिवनी में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता की।

जल संरक्षण आज की आवश्यकता ही नहीं, आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी – कलेक्टर नेहा मीना

महिलाओं की सहभागिता से जल गंगा संवर्धन अभियान को मिली नई ऊर्जा

उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि सम्मानित

सिवनी जल गंगा संवर्धन अभियान के जिला स्तरीय समापन कार्यक्रम का आयोजन शनिवार को मानस भवन, सिवनी में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता की। अभियान के दौरान जिले में जल संरक्षण, जल स्रोतों के पुनर्जीवन, वर्षा जल संचयन, पौधरोपण तथा जनजागरूकता के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों की जानकारी साझा की गई तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्री दिनेश राय ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देशभर में जल संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप दिया गया है। आज आवश्यकता केवल जल बचाने की नहीं, बल्कि उसे धरती के भीतर पहुंचाकर भविष्य को सुरक्षित बनाने की है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक किसान अपनी कृषि भूमि में छोटा खेत तालाब अवश्य बनाए, जिससे वर्षा जल का अधिकतम उपयोग हो सके और भूजल स्तर में सुधार आए। उन्होंने नागरिकों से पौधों के संरक्षक बनने, अधिकाधिक पौधरोपण करने तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। विधायक श्री राय ने विशेष रूप से नगरीय क्षेत्रों में प्रत्येक घर में रेन वाटर हार्वेस्टिंग प्रणाली विकसित करने पर जोर देते हुए कहा कि यदि आज हम वर्षा जल का संरक्षण करेंगे तो आने वाली पीढ़ियों को जल संकट का सामना नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने सभी नागरिकों से जल एवं पर्यावरण संरक्षण को अपनी सामाजिक जिम्मेदारी मानते हुए अभियान से निरंतर जुड़े रहने का आग्रह किया।

कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने कहा कि जल गंगा संवर्धन अभियान केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति और आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी का अभियान है। उन्होंने कहा कि जिले में अभियान के दौरान जनभागीदारी के माध्यम से अनेक नवाचार किए गए हैं, जिनसे जल संरक्षण की दिशा में उल्लेखनीय परिणाम प्राप्त हुए हैं। उन्होंने कहा कि खेत तालाब, अमृत सरोवर, जल संरचनाओं का संरक्षण, नदियों एवं जलग्रहण क्षेत्रों का संवर्धन तथा वर्षा जल संचयन जैसे कार्यों को निरंतर गति देने की आवश्यकता है। उन्होंने अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे नदियों के कैचमेंट क्षेत्र के संरक्षण और भूजल संवर्धन के लिए दीर्घकालिक कार्ययोजना तैयार कर निरंतर प्रयास करें। कलेक्टर ने कहा कि आज की तैयारी ही भविष्य की जल सुरक्षा सुनिश्चित करेगी तथा प्रत्येक नागरिक को जल संरक्षण के इस अभियान का सक्रिय भागीदार बनना होगा।

कार्यक्रम में ग्राम नंदौरा की सरपंच श्रीमती संगीता सोनकटे तथा ग्राम साजपानी की सरपंच श्रीमती सुदामा धुर्वे ने अभियान के दौरान जनसहभागिता से किए गए कार्यों एवं अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि सामुदायिक सहभागिता से जल संरक्षण के कार्यों को व्यापक जनसमर्थन मिला और ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों ने स्वेच्छा से अभियान में भागीदारी की।

नगर पालिका अध्यक्ष श्री ज्ञानचंद सनोड़िया ने कहा कि जल संरक्षण के लिए पूरे देश में व्यापक स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि “जल है तो कल है” और प्रत्येक नागरिक को जल स्रोतों के संरक्षण का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने प्रदेश में लाखों जल स्रोतों के संरक्षण एवं पुनर्जीवन के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अंजली शाह ने अभियान के अंतर्गत जिले में किए गए कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि जनभागीदारी से जल संरक्षण को स्थायी स्वरूप दिया जा सकता है। उन्होंने सभी से अपने-अपने क्षेत्रों में जल संरक्षण गतिविधियों को निरंतर जारी रखने का आह्वान किया।

अभियान में महिलाओं की सहभागिता रही प्रेरणादायी

जल गंगा संवर्धन अभियान में महिला जनप्रतिनिधियों, स्व-सहायता समूहों एवं ग्रामीण महिलाओं की सक्रिय भागीदारी विशेष आकर्षण रही। महिलाओं ने जल स्रोतों के संरक्षण, वर्षा जल संचयन, पौधरोपण, जनजागरूकता एवं सामुदायिक श्रमदान जैसे कार्यों में बढ़-चढ़कर योगदान दिया। कार्यक्रम में महिला सरपंचों एवं महिला जनप्रतिनिधियों द्वारा साझा किए गए अनुभवों ने यह संदेश दिया कि जल संरक्षण के स्थायी प्रयासों में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

‘मेरा वाटर बैंक’ पहल बनी आकर्षण का केंद्र

कार्यक्रम में जनपद पंचायत धनोरा द्वारा जनभागीदारी से विकसित “मेरा वाटर बैंक” पहल के लीफलेट का विमोचन किया गया। इस अभिनव पहल के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर वाटर बैंक तैयार किए गए हैं, जिनमें वर्षा जल का संचयन किया जाएगा। अनुमान है कि इस पहल से लगभग एक करोड़ लीटर वर्षा जल का संचय संभव होगा।

➡️ उल्लेखनीय कार्यों के लिए किया गया सम्मानित

अभियान में उत्कृष्ट योगदान देने पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, वन अमले, पंचायत प्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में जनपद पंचायत धनोरा के सीईओ ओंकार सिंह ठाकुर, उपयंत्री चंद्रशेखर यादव एवं अभिनव सिंह ठाकुर, एपीओ मनरेगा भूपेंद्र सिंह राजपूत, सहायक यंत्री रोहणी बघेल, सरपंच श्रीमती संगीता सोनकटे, श्रीमती सुदामा धुर्वे, श्रीमती नमिता साहू, संतोष सरयाम, चंदनलाल धुर्वे, जीआरएस तीरथ प्रसाद सनोड़िया, वन विभाग से आशुतोष चंद्रवंशी, दसोदलाल कुड़ापे, नरेश कुमार डेहरिया, शिक्षा विभाग से पंकज कुमार गहरवाल, ओमप्रकाश सरवैया, बबलू मराठा, अरविंद श्रीवास्तव, सनीलाल उइके, महेश भोयर, विजय उपाध्याय, कृपाल परते, राजेश कुमार बिसेन, रवि कटरे, वीरेंद्र दीक्षित, जन अभियान परिषद से श्रीमती रीना वर्मा, प्रवेश सराठे, सुरेंद्र कुमार डेहरिया, अंकित साहू, कृषक एवं सामाजिक कार्यकर्ता वीर सिंह बैसले, प्रहलाद ठाकुर, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग से महेंद्र चौहान, अमित चौकसे, देवेंद्र गोल्हानी, शमशेर खान, अमित वरकड़े, शिवकुमार तिवारी, जगन्नाथ राठौर, मानसिंह धुर्वे, ममता आहाके, देवेंद्र चंद्रवंशी, गौरीशंकर पाल, उत्तम मालवी एवं सतीश डेहरिया सहित अनेक अधिकारी, कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि शामिल रहे।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मालती डेहरिया, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण भलावी, नगर पालिका उपाध्यक्ष सहित अन्य जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav #seoni

💬 Comments
?

No comments yet. Be the first to comment!

खबरें और भी arrow-right Created with Sketch Beta.