मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने आज विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दृष्टिगत सचिवालय में सभी जनपदों के जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से समीक्षा बैठक की।
इस दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने गणना फार्म वितरण में देहरादून,नैनीताल और ऊधमसिंह नगर की धीमी प्रगति को लेकर नाराजगी जाहिर की।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने मुख्य रुप से इन तीनों जनपदों को अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए।समीक्षा बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सबसे अधिक गणना फार्म वितरित कर चुके शीर्ष तीन जनपदों चम्पावत, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ की सराहना की।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि शहरी क्षेत्रों में मतदाताओं के लिए आवासीय कॉलोनी, सार्वजनिक स्थानों में व्यापक प्रचार-प्रसार कर मतदाताओं तक पहुंच सुनिश्चित करें ।
उन्होंने बीएलओ के साथ तैनात आईटी वालिंटियर्स, बूथ अवेयरनेस ग्रुप की सक्रिय रुप से भागीदारी सुनिश्चित किए जाने पर जोर दिया।
समीक्षा बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी को अवगत कराया गया कि उत्तराखण्ड में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तीसरे दिन आज दोपहर तक प्रदेश में 19 लाख मतदाताओं को गणना फार्म वितरित कर दिए गए हैं।
प्रदेश में लगभग 24 प्रतिशत मतदाताओं को फार्म वितरण का कार्य पूरा कर लिया गया है।
बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री प्रकाश चन्द्र दुम्का, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री मस्तू दास सहित सभी जिलाधिकारी वर्चुअल रुप से जुड़े रहे।







No comments yet. Be the first to comment!