कटनी – कलेक्ट्रेट कार्यालय में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने जिले के दूर-दराज क्षेत्रों से यहां आए 150 नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को इनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
इस दौरान जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, संयुक्त कलेक्टर श्री जितेन्द्र पटेल, डिप्टी कलेक्टर विंकी सिंहमारे उइके, जिला प्रबंधक लोकसेवा दिनेश विश्वकर्मा सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी मौजूद रहें। जनसुनवाई के दौरान ग्राम टोला, तहसील ढीमरखेड़ा निवासी दिव्यांग नन्दकिशोर चौधरी ने विकलांग पेंशन स्वीकृत कराने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया। आवेदक ने बताया कि शारीरिक अक्षमता के कारण वह मजदूरी करने में असमर्थ है और परिवार का भरण-पोषण करने में कठिनाई हो रही है। इस पर कलेक्टर श्री तिवारी ने सामाजिक न्याय विभाग को पात्रतानुसार पेंशन योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिये।
इसी प्रकार ग्राम मुहास, तहसील विजयराघवगढ़ निवासी दिलीप कुमार गर्ग ने राजस्व पखवाड़े के दौरान काटे गए नक्शे को निरस्त करने की मांग करते हुये बताया कि बिना समुचित जांच और मौके की स्थिति स्पष्ट किए गलत तरीके से नक्शा संशोधित कर दिया गया है। इस मामले में एसडीएम विजयराघवगढ़ को जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
जबकि, एक अन्य प्रकरण में शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्त कर्मचारी मो. जाकिर खान ने सेवा निवृत्ति के बाद भी विभिन्न देयकों का भुगतान न होने की शिकायत की। उन्होंने जीपीएफ, पेंशन, ग्रेच्युटी, बीमा राशि तथा अवकाश नकदीकरण जैसे भुगतान लंबित होने की बात कही। इस पर कलेक्टर श्री तिवारी ने जिला शिक्षा अधिकारी को समय-सीमा में देयकों का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
वहीं, भट्टा मोहल्ला कटनी निवासी सुनीता कोल ने पति की मृत्यु का प्रमाण पत्र बनवाने का आवेदन देते हुये कहा कि बीमारी की वजह से शासकीय अस्पताल में मेरे पति की मृत्यु वर्ष 2024 में हो गई थी। परंतु, उनकी मृत्यु होने के उपरांत अज्ञानतावश मैं उनका मृत्यु प्रमाण पत्र नहीं ले सकी। अब विलंब होने की वजह से मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने में परेशानी हो रही है। जिस पर कलेक्टर श्री तिवारी ने सीएमएचओ को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
#JansamparkMP #CMMadhyaPradesh #DrMohanYadav51 #udaypratapmp #jbpcommissioner #katni #कटनी







No comments yet. Be the first to comment!