रहटा रेनगाह टोला में सड़क पर जमा कचरा से लोगों को हो रही परेशानी
उदाकिशुनगंज नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड 24 में सफाई व्यवस्था पर सवाल उठे, लोगों ने कहा कि नहीं होता है कचरे का उठाव सड़क पर फैली गंदगी से मस्जिद आने जाने में दिक्कत होती है।

मधेपुरा:उदाकिशुनगंज नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 24 स्थित रहटा रेनगाह टोला के मुख्य सड़क पर जमा कचरे से लोग ख़ासे परेशान हैं।
इसे लेकर स्थानीय लोगों में काफी नाराजगी देखी जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर परिषद के सफाई कर्मियों और कुछ लोगों द्वारा सड़क किनारे कचरा फेंके जाने के कारण गंदगी सड़क पर जमा होकर इधर-उधर फैल रही है। इससे राहगीरों के साथ-साथ मस्जिद में नमाज अदा करने जाने वाले लोगों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क पर कचरा जमा रहने से दुर्गंध फैल रही है।आने-जाने में काफी दिक्कत हो रही है। खासकर नमाज के समय लोगों को गंदगी के बीच होकर मस्जिद तक पहुंचना पड़ता है।
लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद समस्या का स्थाई समाधान नहीं किया जा सका है।वार्ड के मो. इरशाद,मो फिरोज,मो कयूम,मो . नईम, मो वकील,मो एकराज,मो सरफराज,मो जहांगीर,मो जन्नत, सदाब सहित अन्य स्थानीय लोगों ने बताया कि नगर परिषद द्वारा नियमित साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण स्थिति दिन-प्रतिदिन बदतर होती जा रही है।

सड़क किनारे कचरे का ढेर जमा रहने से संक्रमण फैलने की भी आशंका बनी हुई है।स्थानीय लोगों ने नगर परिषद प्रशासन से अविलंब सड़क की साफ-सफाई कराने, कचरा फेंकने पर रोक लगाने तथा नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।