नई दिल्ली/देहरादून:
उत्तराखण्ड पुलिस ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर राज्य का मान बढ़ाया है। वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान पासपोर्ट आवेदनों के पुलिस सत्यापन (Passport Police Verification) में उत्कृष्ट और प्रभावी कार्य निष्पादन के लिए भारत सरकार द्वारा उत्तराखण्ड पुलिस को प्रतिष्ठित “Institutional Performance Award for State Police” से सम्मानित किया गया है। यह पुरस्कार देशभर में पासपोर्ट सत्यापन प्रक्रिया में पुलिस के श्रेष्ठ प्रदर्शन का आकलन करने के बाद प्रदान किया गया है।
विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने किया सम्मानित
शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित विदेश मंत्रालय के जवाहरलाल नेहरू भवन में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह में भारत के माननीय विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने उत्तराखण्ड पुलिस का प्रतिनिधित्व कर रहे अपर पुलिस महानिदेशक (प्रशासन), श्री ए. पी. अंशुमान को यह प्रतिष्ठित सम्मान सौंपा।
पारदर्शिता और समयबद्धता का मिला इनाम: DGP
इस बड़ी उपलब्धि पर पुलिस महानिदेशक (DGP) श्री दीपम सेठ ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि यह सम्मान उत्तराखण्ड पुलिस की उस निरंतर प्रतिबद्धता का परिणाम है, जिसके तहत राज्य में पासपोर्ट सत्यापन प्रक्रिया को पूरी तरह से समयबद्ध, पारदर्शी और नागरिक-केंद्रित (Citizen-Centric) बनाया गया है।
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने दी बधाई
उत्तराखण्ड के माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने इस शानदार उपलब्धि पर राज्य की पुलिस टीम की पीठ थपथपाई है। मुख्यमंत्री ने बधाई देते हुए कहा, “नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। यह सम्मान उसी दिशा में किए जा रहे हमारे ठोस प्रयासों की सफलता का प्रतीक है।”
सीएम धामी ने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी उत्तराखण्ड पुलिस नागरिक सेवाओं के क्षेत्र में इसी प्रकार का उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रखेगी और पूरे देश में राज्य का गौरव बढ़ाएगी।







No comments yet. Be the first to comment!