सिंगरौली, / कलेक्टर की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने जिले के बैंकर्स और शासकीय अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर स्वरोजगार योजनाओं के निर्धारित लक्ष्यों को हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि शासकीय योजनाओं के तहत आने वाले लंबित प्रकरणों का समय पर और शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि हितग्राहियों को समय पर लाभ मिल सके। जिले के क्रेडिट-डेपोजिट रेशियो की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने ऋण उपलब्धता को बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया।
उन्होंने वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने के लिए जिले में बैंकर्स और इन्वेस्टर्स के संयुक्त ‘व्यापार मेले’ आयोजित करने के निर्देश दिए, जिससे वार्षिक क्रेडिट प्लान के तहत प्राथमिकता और गैर-प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में ऋण का सही वितरण हो सके।बैठक के दौरान कलेक्टर ने केंद्र और राज्य सरकार की सभी हितग्राही मूलक योजनाओं के आवेदकों को लक्ष्य के अनुसार स्वरोजगार ऋण उपलब्ध कराने तथा अनिवार्य रूप से क्रेडिट कार्ड जारी करने की बात कही।
सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से उन्होंने सभी बैंकों को वित्तीय साक्षरता कैंपों के माध्यम से प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और अटल पेंशन योजना के तहत आवेदन प्राप्त कर जीवन बीमा सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।
इसके साथ ही उन्होंने जिले के तीनों ब्लॉकों में सीएफएल के माध्यम से नियमित वित्तीय साक्षरता सत्र आयोजित करने और उनमें वरिष्ठ नागरिकों (को साइबर सुरक्षा के प्रति विशेष रूप से जागरूक करने के निर्देश दिए।कलेक्टर ने सभी बैंक प्रतिनिधियों को उपभोक्ताओं का शत-प्रतिशत ई-केवाईसी पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि सरकारी योजनाओं की राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के माध्यम से बिना किसी रुकावट के सीधे हितग्राहियों के खातों में पहुंच सके। इसके अलावा, उन्होंने बैठक में मौजूद भारतीय रिजर्व बैंक के प्रतिनिधि को बैंकों में अनिवार्य रूप से सुरक्षा गार्ड तैनात किए जाने के संबंध में एक ठोस गाइडलाइन तैयार करने का सुझाव दिया।
बैठक में एलडीओ धीरज गुप्ता, एलडीएम रंजीत कुमार, महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र नवीन कुशवाहा और सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग मिथिलेश इवने सहित विभिन्न बैंकों के जिला प्रतिनिधि मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
CM Madhya PradeshJansampark Madhya Pradesh







No comments yet. Be the first to comment!