निर्मली में बैंक ऑफ बड़ौदा की नई शाखा का शुभारंभ, लोगों को मिलेगी आधुनिक बैंकिंग सुविधा
निर्मली:नगर के हटिया चौक पर बुधवार को बैंक ऑफ बड़ौदा की नई शाखा का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर बैंक के क्षेत्रीय प्रमुख राजीव कुमार चौधरी, शाखा प्रबंधक विकास रंजन सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। वहीं इस शाखा का उद्घाटन पटना अंचल प्रमुख सुब्रत कुमार स्वाई द्वारा वर्चुअल माध्यम से किया गया। उद्घाटन समारोह में उपस्थित क्षेत्रीय प्रमुख राजीव कुमार चौधरी ने कहा कि बैंक ऑफ बड़ौदा लगातार बिहार में अपनी सेवाओं का विस्तार कर रहा है।
निर्मली जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र में शाखा की स्थापना से न केवल शहरी बल्कि ग्रामीण इलाकों के लोगों को भी सीधे बैंकिंग सेवाओं का लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि बैंक ग्राहकों को बचत खाता, चालू खाता, विभिन्न प्रकार के ऋण, बीमा, पेंशन योजना और डिजिटल बैंकिंग जैसी आधुनिक सुविधाएं प्रदान करेगा। उन्होंने आगे कहा कि बैंक ऑफ बड़ौदा का उद्देश्य सिर्फ बैंकिंग सेवा देना नहीं, बल्कि लोगों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना भी है। वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देते हुए बैंक अधिक से अधिक लोगों को औपचारिक बैंकिंग प्रणाली से जोड़ने का काम करेगा। शाखा प्रबंधक विकास रंजन ने जानकारी देते हुए बताया कि इस शाखा के खुलने से निर्मली, मरौना और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।
अब लोगों को छोटे-छोटे बैंकिंग कार्यों के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। इससे समय की बचत के साथ-साथ स्थानीय व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। अधिकारियों ने ग्राहकों को डिजिटल बैंकिंग के प्रति जागरूक किया और उन्हें ऑनलाइन ट्रांजैक्शन, मोबाइल बैंकिंग, एटीएम सेवाओं के उपयोग के लिए प्रेरित किया। साथ ही स्वरोजगार और छोटे व्यवसायों के लिए बैंक द्वारा दी जाने वाली ऋण योजनाओं की भी जानकारी दी गई।
स्थानीय लोगो में उत्साहनई शाखा खुलने से स्थानीय लोगों में काफी उत्साह देखा गया। व्यापारियों, किसानों और आम नागरिकों ने इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में एक बड़ा कदम बताया। लोगों ने कहा कि इससे न केवल सुविधा बढ़ेगी बल्कि रोजगार और व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा। मौके पर जीवनेश्वर साह, डॉक्टर विनित शेखर, अभिषेक पंसारी, जगरनाथ कामत, निशांत बोथरा, चितरंजन साह, मनोरंजन प्रसाद सहित अन्य मौजूद थे।