विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला 2026 की तैयारियों की समीक्षा को लेकर जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने शनिवार को सुल्तानगंज स्थित मेला क्षेत्र का विस्तृत निरीक्षण किया।इस दौरान अधिकारियों ने नमामि गंगे घाट सहित विभिन्न प्रमुख स्थलों का भ्रमण कर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि श्रावणी मेला में देश के विभिन्न राज्यों से लाखों श्रद्धालु सुल्तानगंज पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं को बेहतर एवं सुरक्षित सुविधा उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि घाटों पर स्वच्छ पेयजल, स्वच्छ शौचालय, चेंजिंग रूम, प्रकाश व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, सुरक्षित आवागमन तथा गंगा के बढ़ते जलस्तर से सुरक्षा को लेकर विशेष तैयारी की जा रही है।
जिलाधिकारी ने कहा कि घाट तक जाने वाले सभी रास्तों को खुला एवं व्यवस्थित रखा जाएगा। सड़क पर अतिक्रमण अथवा दुकानों का सामान रखने की अनुमति नहीं होगी। इसके लिए सड़क की मार्किंग कराई जाएगी।
सभी शौचालयों, पेयजल स्थलों एवं विद्युत तारों को दुरुस्त एवं सुदृढ़ करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि इस बार श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्विस कॉटेज का निर्माण कराया जा रहा है। साथ ही होटल, धर्मशाला एवं आवासन स्थलों का पंजीकरण, उपलब्ध सुविधाओं एवं स्वच्छता की जांच भी की जा रही है ताकि बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि पूजा सामग्री, कांवड़ सामग्री, खाद्य वस्तुओं एवं अन्य आवश्यक सामानों की दुकानों पर दर सूची प्रदर्शित करना अनिवार्य होगा।
होटल संचालकों को खाद्य सामग्री में उपयोग किए जाने वाले ब्रांड की सूची भी सार्वजनिक करनी होगी, ताकि श्रद्धालुओं को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित भोजन उपलब्ध हो सके।
स्वच्छता व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी ने कहा कि सभी होटल एवं दुकानों में डस्टबिन रखना अनिवार्य होगा तथा प्रत्येक तीन घंटे पर कचरे का उठाव कराया जाएगा। आमजन से भी सुझाव प्राप्त कर व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाया जाएगा।
पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता को सभी चापाकलों एवं पेयजल स्रोतों की जांच करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया।
कांवड़ियों के मार्ग में दुकानें सड़क छोड़कर लगाने का निर्देश दिया गया है।नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। नमामि गंगे घाट एवं सीढ़ी घाट पर एक-एक एंबुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया।
इस अवसर पर वरीय पुलिस अधीक्षक श्री प्रमोद कुमार यादव ने कहा कि श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा हेतु पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों के आवासन की समुचित व्यवस्था रहेगी तथा ड्यूटी पर तैनात सभी कर्मियों के लिए बायोमैट्रिक अटेंडेंस प्रणाली लागू की जाएगी।
उन्होंने बताया कि मेला क्षेत्र में अतिरिक्त पेट्रोलिंग, अस्थायी थाना, पुलिस केंद्र, प्रकाश व्यवस्था, नदी पेट्रोलिंग, एंबुलेंस सेवा एवं भीड़ नियंत्रण की विशेष व्यवस्था की जाएगी। प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं चुस्त-दुरुस्त रहेगा, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, सिटी एसपी शैलेन्द्र सिंह, नगर आयुक्त किसलय कुशवाहा, अपर समाहर्ता दिनेश राम, अपर समाहर्ता राकेश रंजन, अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन कुंदन कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी विकास कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी सुल्तानगंज तथा नगर परिषद सुल्तानगंज के संबंधित पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।







No comments yet. Be the first to comment!