सिंगरौली, 21 मई सिंगरौली महोत्सव 2026 के अंतर्गत आज अटल सामुदायिक भवन बिलौंजी, वैढन में रंगोली प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के स्थानीय कलाकारों, महिलाओं तथा छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी कलात्मक प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
प्रतिभागियों ने सामाजिक सरोकार, पारंपरिक संस्कृति, लोक कला एवं आधुनिक विषयों पर आधारित आकर्षक रंगोलियां बनाईं, जिससे पूरा परिसर रंगों और रचनात्मकता से सराबोर हो उठा।
प्रतियोगिता के माध्यम से स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण एवं भारतीय संस्कृति जैसे विषयों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया।सिंगरौली महोत्सव के अंतर्गत आयोजित “प्रतिभा सम्मान कार्यक्रम” का उद्देश्य जिले की स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना तथा युवा पीढ़ी में कला एवं संस्कृति के प्रति रुचि विकसित करना है।
जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इस महोत्सव के माध्यम से सिंगरौली की सांस्कृतिक विरासत, लोक कला एवं रचनात्मक प्रतिभाओं को निरंतर प्रोत्साहन दिया जा रहा है। प्रतियोगिता में एकल सीनियर श्रेणी में विनोद रजक ने प्रथम, अनुपमा गुप्ता ने द्वितीय तथा सुनिता साकेत एवं काजल साकेत ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया।
समूह श्रेणी में अंतिम पनिका प्रथम, पिंकी मरकाम एवं स्वाती मिश्रा द्वितीय तथा संगीता शाह, ऊषा शाह एवं साधना सिंह तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं जूनियर एकल श्रेणी में अनिका गुप्ता ने प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के अंत में विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई तथा बताया गया कि सिंगरौली महोत्सव के अंतर्गत आगामी दिनों में विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जायेगा।







No comments yet. Be the first to comment!