सिवनी:कृषि विज्ञान केंद्र सिवनी एवं कृषि विभाग के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को कृषि विज्ञान केंद्र के दर्पण सभागार में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 134वें एपिसोड का सामूहिक श्रवण किया गया।
कार्यक्रम में सिवनी विधायक श्री दिनेश राय मुनमुन, जिला भाजपा अध्यक्ष श्रीमती मीना बिसेन, कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. शेखर सिंह बघेल, उपसंचालक कृषि श्री सुधीर धुर्वे सहित जनप्रतिनिधि, कृषि अधिकारी, प्रगतिशील किसान, महिला किसान एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री श्री मोदी ने जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, युवाओं की उपलब्धियों, नदियों की स्वच्छता, तैराकी, नमामि गंगे अभियान, खगोल विज्ञान तथा देश की विविध सांस्कृतिक एवं कृषि परंपराओं जैसे विषयों पर प्रेरणादायी विचार साझा किए।
इस अवसर पर विधायक श्री दिनेश राय मुनमुन ने कहा कि जल संरक्षण एवं प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।उन्होंने मृदा की गुणवत्ता और उपयोगिता बनाए रखने के लिए जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया।
जिला भाजपा अध्यक्ष श्रीमती मीना बिसेन ने महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में महिलाओं द्वारा किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ‘मन की बात’ समाज में सकारात्मक परिवर्तन और जनजागरूकता का प्रभावी माध्यम बन गया है।कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. शेखर सिंह बघेल ने किसानों को खरीफ सीजन की तैयारियों के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि ग्रीष्मकाल मिट्टी परीक्षण के लिए उपयुक्त समय है।
उन्होंने मृदा में कार्बन की मात्रा बढ़ाने, नरवाई प्रबंधन, फसल विविधीकरण, जल संरक्षण तथा संतुलित पोषक तत्व प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई।कार्यक्रम का संचालन डॉ. जी.के. राणा ने किया। आयोजन को सफल बनाने में कृषि विज्ञान केंद्र एवं कृषि विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।






No comments yet. Be the first to comment!