पटना: बिहार की राजधानी पटना स्थित महावीर आरोग्य संस्थान (कंकड़बाग) ने चिकित्सा के क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम की है। श्री महावीर स्थान न्यास समिति द्वारा संचालित इस अस्पताल में पहली बार एक महिला मरीज की अत्यंत जटिल हाइतस हर्निया (Hiatus Hernia) की एडवांस लैप्रोस्कोपिक (दूरबीन) सर्जरी सफलतापूर्वक की गई। सबसे गर्व की बात यह है कि यह उच्चस्तरीय ऑपरेशन आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन-आरोग्य योजना (AB-PMJAY) के तहत पूरी तरह से निशुल्क (फ्री) किया गया।
दवाइयां हो चुकी थीं बेअसर, दूरबीन विधि से मिला नया जीवन
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, एक 35 वर्षीय महिला पिछले छह महीनों से गंभीर एसिड रिफ्लक्स (सीने में भयंकर जलन) की समस्या से पीड़ित थी। लंबे समय तक दवाइयां खाने के बाद भी उन्हें कोई आराम नहीं मिल रहा था। इसके बाद महावीर आरोग्य संस्थान के गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल (जीआई) एवं जनरल सर्जन डॉ. अमल पुष्प सिंह और उनकी विशेषज्ञ टीम ने मोर्चा संभाला।
डॉ. सिंह ने सटीक की-होल (दूरबीन) तकनीक का उपयोग करते हुए ‘लैप्रोस्कोपिक निसेन फंडोप्लिकेशन’ (Laparoscopic Nissen Fundoplication) सर्जरी की। इस अत्याधुनिक ऑपरेशन के जरिए पेट की शारीरिक खराबी को ठीक किया गया और रिफ्लक्स को रोकने वाले प्राकृतिक वॉल्व को दोबारा दुरुस्त किया गया। मिनिमली इनवेसिव (कम चीरे वाली) तकनीक के कारण मरीज को सर्जरी के पहले ही दिन से सीने की जलन और दर्द से पूरी तरह राहत मिल गई। मरीज अब पूरी तरह स्वस्थ है और सुपाच्य भोजन (सॉफ्ट डाइट) लेने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
एक ही छत के नीचे विश्व स्तरीय सुविधाएं: सायण कुणाल
इस बड़ी सफलता पर श्री महावीर स्थान न्यास समिति के सचिव सायण कुणाल ने खुशी जाहिर करते हुए कहा:
”अस्पताल में अब सभी प्रकार की जटिल सर्जरी की आधुनिक व्यवस्था की जा चुकी है। हमारा उद्देश्य है कि मरीजों को एक ही छत के नीचे सारी विश्व स्तरीय चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें, ताकि उन्हें इलाज के लिए बाहर न भटकना पड़े।”
वहीं, संस्थान के निदेशक आर.बी.पी. यादव ने डॉ. अमल पुष्प सिंह और उनकी सर्जिकल टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि महावीर आरोग्य संस्थान आम जनता के लिए बेहद किफायती दरों पर और आयुष्मान योजना के तहत लगातार एडवांस लैप्रोस्कोपिक और आधुनिक लेजर सर्जरी की सुविधाएं प्रदान कर रहा है, ताकि समाज के हर वर्ग तक अत्याधुनिक इलाज पहुंच सके।







No comments yet. Be the first to comment!