गर्भवती महिलाओं को गुणवत्तापूर्ण प्रसव पूर्व देखभाल एवं स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर रहेगा विशेष फोकस
पाली:भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के निर्देशानुसार प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (PMSMA) के सफल क्रियान्वयन के 10 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मंगलवार 09 जून 2026 को जिले भर में विशेष गतिविधियों एवं जन-जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
सीएमएचओ डॉ विकास मारवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध प्रसव पूर्व जांच (ANC) सेवाएं उपलब्ध कराना तथा उच्च जोखिम गर्भावस्था (HRP) की समय रहते पहचान एवं प्रबंधन सुनिश्चित करना है।
अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के अंतर्गत प्रत्येक माह की 9, 18 व 27 तारीख को गर्भवती महिलाओं को निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण प्रसव पूर्व देखभाल सेवाएं प्रदान की जाती हैं। साथ ही विस्तारित ई-पीएमएसएमए (e-PMSMA) के माध्यम से उच्च जोखिम गर्भावस्था वाली महिलाओं की ट्रैकिंग, अतिरिक्त फॉलोअप विजिट, रेफरल सहायता तथा प्रसव के बाद 45 दिनों तक निरंतर देखभाल सुनिश्चित की जा रही है।
09 जून को होंगे विशेष PMSMA सत्र
जिले के समस्त मेडिकल कॉलेज चिकित्सालयों, जिला चिकित्सालयों, उप जिला चिकित्सालयों, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों, प्रथम रेफरल इकाइयों (FRUs) एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर विशेष पीएमएसएमए सत्र आयोजित किए जाएंगे। इन सत्रों में कई तरह की व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। साथ ही स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञों तथा प्रशिक्षित चिकित्सकों की उपलब्धता, आवश्यक रक्त एवं मूत्र जांच सुविधाएं, एनीमिक गर्भवती महिलाओं को एएफएसएम (AFSM) की सुविधा, मां वाउचर योजना के तहत अल्ट्रासोनोग्राफी (USG) सेवाएं, आवश्यक दवाइयों, जांच सेवाओं एवं लॉजिस्टिक्स की उपलब्धता, कार्यशील रेफरल परिवहन व्यवस्था, गर्भवती महिलाओं के लिए स्वास्थ्य शिक्षा एवं परामर्श सेवाएं, आवश्यकता अनुसार टेली-कंसल्टेशन सुविधा।
आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में विशेष शिविर
जिले के समस्त आयुष्मान आरोग्य मंदिरों पर गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श शिविर आयोजित किए जाएंगे। पीएमएसएमए सत्र के बाद एएनएम एवं आशा कार्यकर्ताओं के समन्वय से उच्च जोखिम गर्भावस्था के प्रत्येक मामले में न्यूनतम तीन फॉलोअप विजिट सुनिश्चित की जाएंगी, जिससे उपचार अनुपालन एवं देखभाल की निरंतरता बनी रहे।
जन-जागरूकता गतिविधियों पर रहेगा जोर
अभियान के तहत गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध प्रसव पूर्व जांच (ANC) के महत्व को लेकर व्यापक जन-जागरूकता अभियान संचालित किया जाएगा। इसके अंतर्गत
चिकित्सा संस्थानों एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिरों पर आईईसी सामग्री का प्रदर्शन, सोशल मीडिया अभियान,
स्थानीय रेडियो एवं टेलीविजन माध्यमों से प्रचार-प्रसार, सामुदायिक बैठकों का आयोजन, वीएचएसएनडी, जन आरोग्य समितियों, स्वयं सहायता समूहों एवं पंचायत राज संस्थाओं के माध्यम से जागरूकता गतिविधियां,
नियमित निरीक्षण एवं मॉनिटरिंग के निर्देश
अभियान की प्रभावी क्रियान्विति सुनिश्चित करने के लिए जिला एवं ब्लॉक स्तर के अधिकारियों द्वारा नियमित निरीक्षण एवं निगरानी की जाएगी। पीएमएसएमए गतिविधियों एवं सत्रों की रिपोर्ट निर्धारित पोर्टल पर अपलोड कर राज्य स्तर पर भेजी जाएगी।
गर्भवती महिलाओं से लाभ उठाने की अपील
पाली सीएमएचओ डॉ विकास मारवाल ने जिले की सभी गर्भवती महिलाओं एवं उनके परिजनों से अपील की है कि वे 09 जून 2026 को आयोजित विशेष प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान सत्रों में भाग लेकर निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, परामर्श एवं अन्य उपलब्ध सेवाओं का लाभ उठाएं तथा सुरक्षित मातृत्व की दिशा में सहयोग करें।
Bhajanlal Sharma Diya Kumari Dr. Prem Chand Bairwa CMO Rajasthan Government of Rajasthan DIPR, Department of Information & Public Relations, Rajasthan Chief Medical and Health Officer, Pali – Raj. DOIT&C Pali Police







No comments yet. Be the first to comment!