दरभंगा, 11 जून 2026 :राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, बिहार सरकार की समीक्षा के क्रम में माननीय राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से दरभंगा जिले में संचालित विभिन्न राजस्व संबंधी कार्यों एवं योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की।
समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी दरभंगा श्री कौशल कुमार, अपर समाहर्ता (राजस्व) श्री मनोज कुमार, भूमि सुधार उप समाहर्ता (डीसीएलआर) सहित जिले के सभी अंचल अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए माननीय मंत्री श्री रामचंद्र प्रसाद, माननीय विधायक श्री मुरारी मोहन झा, माननीय विधायक श्री राजेश कुमार मंडल तथा माननीय विधायक सुश्री मैथिली ठाकुर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे।
बैठक के दौरान ऑनलाइन म्यूटेशन, परिमार्जन प्लस, ई-मापी, अभियान बसेरा-2, राजस्व महाअभियान के तहत प्राप्त आवेदनों, सहयोग शिविरों में प्राप्त मामलों, फार्मर रजिस्ट्री, अतिक्रमण वाद सहित विभिन्न राजस्व सेवाओं की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की गई। माननीय मंत्री डॉ.जायसवाल ने समीक्षा के दौरान ऑनलाइन आवेदनों में रिवर्ट (वापसी) की संख्या कम करने पर विशेष बल देते हुए जिलाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि यदि किसी प्रकार की तकनीकी समस्या उत्पन्न होती है तो संबंधित अधिकारी मुख्यालय स्तर पर आईटी प्रबंधक से समन्वय स्थापित कर उसका त्वरित समाधान कराएं। माननीय मंत्री महोदय ने अतिक्रमण वादों के निष्पादन की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिया कि अतिक्रमण संबंधी सभी आवेदन ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त एवं निष्पादित किए जाएं।
उन्होंने कहा कि राजस्व प्रशासन में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए कोई भी अंचलाधिकारी ऑफलाइन प्रक्रिया के माध्यम से कार्य नहीं करेंगे। समीक्षा के क्रम में ऑनलाइन म्यूटेशन से संबंधित लंबित मामलों पर विशेष चर्चा हुई।
मंत्री महोदय ने गौड़ाबौराम, कुशेश्वरस्थान,कुशेश्वरस्थान पूर्वी, हायाघाट, बेनीपुर अंचलों में लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने राजस्व सेवाओं के समयबद्ध निष्पादन को विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए लंबित मामलों के निष्पादन में में तेज़ी लाने का निर्देश दिया।
बैठक में बड़ी संख्या में लंबित ‘नॉट फिट’ मामलों पर भी चर्चा हुई। मंत्री महोदय ने अपर समाहर्ता (राजस्व) को ऐसे मामलों की गहन समीक्षा एवं जांच करने का निर्देश दिया, ताकि वास्तविक कारणों का पता लगाकर उनका शीघ्र समाधान किया जा सके।अभियान बसेरा -2 के नॉट फिट फॉर लैंड अलॉटमेंट को पुनः जांच कर भूमिहीन को वासिगीत /बंदोबस्ती पर्चा देने का निदेश दिया गया!
समीक्षा बैठक के उपरांत जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार ने जिले के सभी अंचल अधिकारियों एवं डीसीएलआर को निर्देशित किया कि अतिक्रमण वाद से संबंधित सभी आवेदनों को तत्काल पोर्टल पर अपलोड करना सुनिश्चित करें।
उन्होंने ई-मापी कार्यों में तेजी लाने के लिए अमीनों के युक्तिसंगत पुनर्विन्यास (Rationalization) की कार्रवाई करने का निर्देश अपर समाहर्ता (राजस्व) को दिया। साथ ही सभी अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया कि ‘नॉट फिट’ मामलों का क्षेत्रीय सत्यापन एवं सर्वेक्षण कर वास्तविक स्थिति की जांच करें।
जिलाधिकारी ने रिवर्ट किए गए आवेदनों के संबंध में भी निर्देश दिया कि संबंधित कर्मचारी सीधे रैयतों से संपर्क स्थापित कर आवश्यक दस्तावेज प्राप्त करें तथा आवेदनों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करें। बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी अंचल अधिकारियों को निर्देशित किया कि राजस्व विभाग से संबंधित सभी लंबित मामलों, आवेदनों एवं वादों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में विभागीय योजनाओं की प्रगति तथा उनके समाधान पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया तथा अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।







No comments yet. Be the first to comment!