प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय और शैक्षणिक व्यवस्थाओं का किया अवलोकन
सिवनी कलेक्टर श्रीमती नेहा_मीना ने शुक्रवार को शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय सिवनी का विस्तृत निरीक्षण कर शैक्षणिक एवं आधारभूत व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने सम्पूर्ण विद्यालय परिसर का भ्रमण करने के साथ ही कक्षावार दर्ज विद्यार्थियों की संख्या, उनकी उपस्थिति तथा शिक्षकों की उपलब्धता की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विद्यालय की रसायन, भौतिकी एवं जीव विज्ञान प्रयोगशालाओं के साथ-साथ पुस्तकालय का अवलोकन किया और वहां उपलब्ध संसाधनों एवं व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया।
कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों से किया आत्मीय संवाद
कलेक्टर श्रीमती मीना ने कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों के साथ आत्मीय संवाद करते हुए उनके भविष्य, रुचियों और करियर विकल्पों पर चर्चा की। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने और अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने विद्यालय प्राचार्य को निर्देश दिए कि विद्यार्थियों के लिए अनुभवी विशेषज्ञों और विषय-विशेषज्ञों की मदद से नियमित करियर काउंसलिंग कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, ताकि उन्हें उच्च शिक्षा और रोजगार के विभिन्न अवसरों की बेहतर जानकारी मिल सके।
अटल टिंकरिंग लैब में नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने पर जोर
कलेक्टर ने विद्यालय की अटल टिंकरिंग लैब का भी अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रयोगशालाएं विद्यार्थियों में नवाचार, वैज्ञानिक सोच और उद्यमिता की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने लैब में उपलब्ध 3डी प्रिंटर, रोबोटिक्स किट, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सेंसर आधारित उपकरणों, इंटरनेट ऑफ थिंग्स (आईओटी) परियोजनाओं तथा ओपन सोर्स माइक्रो-कंट्रोलर बोर्ड जैसे आर्डुइनो और रास्पबेरी पाई के उपयोग और व्यवहारिक गतिविधियों की जानकारी ली।
उन्होंने विद्यार्थियों को नवीन तकनीकों के साथ प्रयोग करने और अपने विचारों को वास्तविक मॉडल के रूप में विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया।
उत्कृष्ट शिक्षण पद्धतियों को अन्य विद्यालयों तक पहुंचाने के निर्देश
कलेक्टर श्रीमती मीना ने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि विषयवार उत्कृष्ट शिक्षकों के अध्यापन कार्य के वीडियो तैयार कर उन्हें जिले के अन्य विद्यालयों तक पहुंचाया जाए, ताकि गुणवत्तापूर्ण शिक्षण पद्धतियों का व्यापक स्तर पर लाभ विद्यार्थियों को मिल सके। CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav Jansampark Madhya Pradesh Department of School Education, Madhya Pradesh #seoni






No comments yet. Be the first to comment!