मधुबनी को मिली अत्याधुनिक अटल कला भवन की सौगात, सांस्कृतिक विकास को मिलेगा नया आयाम।
620 क्षमता वाले आधुनिक ऑडिटोरियम के निर्माण हेतु ₹19.73 करोड़ की प्रशासनिक स्वीकृति।
जिलाधिकारी आनंद शर्मा के सतत प्रयासों से साकार हुई बहुप्रतीक्षित परियोजना।
मधुबनी, 24 जून 2026
मधुबनी जिले के कला, संस्कृति एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल हुई है। बिहार सरकार के कला एवं संस्कृति विभाग द्वारा जिला मुख्यालय, मधुबनी में अत्याधुनिक “अटल कला भवन” के निर्माण हेतु ₹19 करोड़ 73 लाख 26 हजार की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। 620 दर्शक क्षमता वाले इस आधुनिक ऑडिटोरियम एवं सांस्कृतिक परिसर का निर्माण भवन निर्माण विभाग, बिहार द्वारा तकनीकी रूप से अनुमोदित प्राक्कलन के आधार पर कराया जाएगा।
यह स्वीकृति न केवल मधुबनी जिले बल्कि सम्पूर्ण मिथिलांचल के लिए गौरव का विषय है। लंबे समय से जिले में बड़े सांस्कृतिक आयोजनों, साहित्यिक कार्यक्रमों, नाट्य मंचनों, संगीत समारोहों, कला प्रदर्शनी, शैक्षणिक संगोष्ठियों तथा विभिन्न सरकारी एवं सामाजिक कार्यक्रमों के लिए पर्याप्त क्षमता वाले आधुनिक सभागार का अभाव महसूस किया जा रहा था। अटल कला भवन के निर्माण से यह कमी दूर होगी और जिले को एक स्थायी एवं अत्याधुनिक सांस्कृतिक मंच प्राप्त होगा।
अटल कला भवन का उद्देश्य बिहार एवं मिथिला की समृद्ध कला, संस्कृति, लोक परंपराओं एवं सांस्कृतिक धरोहरों को संरक्षित करते हुए उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाना है। भवन में आधुनिक सुविधाओं से युक्त विशाल सभागार, कला दीर्घा (आर्ट गैलरी), प्रदर्शनी स्थल, अभ्यास कक्ष, सम्मेलन कक्ष तथा विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों के आयोजन की समुचित व्यवस्था विकसित की जाएगी। यह परिसर कलाकारों, साहित्यकारों, रंगकर्मियों, लोकगायकों, लोकनर्तकों, विद्यार्थियों एवं सांस्कृतिक संस्थाओं के लिए एक समर्पित मंच के रूप में कार्य करेगा।
विशेष रूप से मिथिला पेंटिंग, लोक संगीत, लोक नृत्य, नाट्य कला एवं अन्य पारंपरिक कलाओं के संरक्षण, संवर्धन और प्रचार-प्रसार को इससे नई गति मिलेगी। स्थानीय एवं उभरती हुई प्रतिभाओं को अपनी कला के प्रदर्शन एवं विकास के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे, जिससे जिले की सांस्कृतिक गतिविधियों को व्यापक विस्तार मिलेगा।
इस बहुप्रतीक्षित परियोजना को धरातल पर उतारने में जिलाधिकारी आनंद शर्मा की महत्वपूर्ण एवं सक्रिय भूमिका रही है।
जिले में कला एवं संस्कृति के विकास तथा आधुनिक सांस्कृतिक अवसंरचना की आवश्यकता को देखते हुए उन्होंने लगातार इस विषय को प्राथमिकता दी। राज्य सरकार एवं संबंधित विभागों के समक्ष परियोजना की आवश्यकता को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करते हुए उन्होंने निरंतर अनुश्रवण किया तथा विभिन्न स्तरों पर लगातार पहल की।
जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने कहा कि अटल कला भवन का निर्माण मधुबनी के सांस्कृतिक इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ेगा। यह भवन जिले की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक सशक्त बनाएगा तथा कलाकारों एवं युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का एक उत्कृष्ट मंच प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि यह भवन भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के सांस्कृतिक आयोजनों के लिए भी एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित होगा ।
राज्य सरकार द्वारा जारी आदेश के अनुसार निर्माण कार्य भवन निर्माण विभाग, बिहार द्वारा ई-टेंडरिंग प्रक्रिया के माध्यम से कराया जाएगा। निर्माण पूर्ण होने के बाद यह भवन एक बहुउद्देशीय सांस्कृतिक केंद्र के रूप में कार्य करेगा, जहां कला, साहित्य, संगीत, रंगमंच एवं सामाजिक-सांस्कृतिक गतिविधियों का नियमित आयोजन संभव हो सकेगा।
अटल कला भवन की प्रशासनिक स्वीकृति मधुबनी जिले के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि एवं सांस्कृतिक क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगी। यह परियोजना न केवल जिले की सांस्कृतिक समृद्धि को नई ऊर्जा प्रदान करेगी, बल्कि मधुबनी को बिहार के प्रमुख सांस्कृतिक केंद्रों में स्थापित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। यह सौगात आने वाली पीढ़ियों के लिए कला, संस्कृति और विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन का एक सशक्त माध्यम बनेगी तथा मिथिलांचल की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी।
आपदा नही है भारी,यदि पूरी है तैयारी। सजग रहे,सर्तक रहे। किसी भी प्रकार की सहायता या सूचना के लिए जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर पर 06276-222576 पर करे संपर्क।






No comments yet. Be the first to comment!