स्वैच्छिक रक्तदान को जनआंदोलन बनाने जिले में चलेगा व्यापक अभियान,शहीदों को समर्पित रहेगा सम्पूर्ण अभियान

By Gaurav Kabir

Published on: अभी-अभी

सिवनी जिले में जरूरतमंद मरीजों को समय पर सुरक्षित रक्त उपलब्ध कराने तथा स्वैच्छिक रक्तदान को जनभागीदारी का अभियान बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती #नेहा_मीना की अध्यक्षता में सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं (एनजीओ), युवा संगठनों एवं विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

अगस्त से दिसंबर तक आयोजित होंगे चरणबद्ध रक्तदान शिविर

सिवनी जिले में जरूरतमंद मरीजों को समय पर सुरक्षित रक्त उपलब्ध कराने तथा स्वैच्छिक रक्तदान को जनभागीदारी का अभियान बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना की अध्यक्षता में सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं (एनजीओ), युवा संगठनों एवं विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में रक्त की उपलब्धता को सुदृढ़ बनाने, नियमित रक्तदान शिविरों के आयोजन, जनजागरूकता बढ़ाने तथा समाज के प्रत्येक वर्ग को इस सेवा अभियान से जोड़ने के लिए व्यापक कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने कहा कि रक्त का कोई विकल्प नहीं है और समय पर उपलब्ध रक्त किसी भी जरूरतमंद मरीज के लिए जीवनदान साबित हो सकता है। उन्होंने कहा कि सिकल सेल एवं थैलेसीमिया से पीड़ित मरीजों, गर्भवती महिलाओं, सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों, गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों तथा अन्य जरूरतमंदों को समय पर रक्त उपलब्ध कराना प्रशासन और समाज की साझा जिम्मेदारी है। इसके लिए प्रशासन सामाजिक संगठनों के साथ मिलकर एक मजबूत और स्थायी व्यवस्था विकसित करेगा।

उन्होंने कहा कि स्वैच्छिक रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। यदि प्रत्येक स्वस्थ नागरिक वर्ष में कम से कम एक बार रक्तदान करने का संकल्प ले, तो जिले में रक्त की कमी की समस्या को काफी हद तक समाप्त किया जा सकता है। उन्होंने सभी सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं युवाओं से इस अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने का आह्वान किया।

बैठक में रक्तदान के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले संगठनों को प्रोत्साहित करने का निर्णय लिया गया। साथ ही जिले के नियमित एवं इच्छुक रक्तदाताओं की एक विस्तृत डायरेक्टरी तैयार की जाएगी, जिसमें रक्त समूह एवं संपर्क संबंधी जानकारी उपलब्ध रहेगी। इससे आपातकालीन परिस्थितियों में जरूरतमंदों को तत्काल रक्त उपलब्ध कराने में आसानी होगी।
युवाओं की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जिलेभर में विशेष जनजागरूकता अभियान संचालित किया जाएगा। विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में ब्लड डोनेशन ब्रांड एंबेसडर बनाए जाएंगे, जो अपने संस्थानों में रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाने और युवाओं को इस पुनीत कार्य से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
बैठक में यह भी तय किया गया कि जन्मदिवस, वैवाहिक वर्षगांठ, स्मृति दिवस एवं अन्य सामाजिक आयोजनों को रक्तदान से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। साथ ही रक्तदान से जुड़ी भ्रांतियों और गलत धारणाओं को दूर करने के लिए व्यापक जनजागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएंगी, जिससे अधिक से अधिक लोग स्वेच्छा से रक्तदान के लिए आगे आएं।
बैठक में सामाजिक संगठनों एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों को अभियान की कोर टीम में शामिल करने पर सहमति बनी। यह टीम अगस्त से दिसंबर तक जिलेभर में चरणबद्ध तरीके से रक्तदान शिविरों का विस्तृत कैलेंडर तैयार करेगी और विभिन्न विकासखंडों, शैक्षणिक संस्थानों, औद्योगिक इकाइयों तथा सार्वजनिक स्थलों पर नियमित शिविर आयोजित करेगी, ताकि पूरे वर्ष जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके।
बैठक में यह महत्वपूर्ण निर्णय भी लिया गया कि संपूर्ण स्वैच्छिक रक्तदान अभियान देश के अमर शहीदों को समर्पित रहेगा। प्रत्येक रक्तदान शिविर में शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए युवाओं और आमजन को राष्ट्रसेवा एवं मानव सेवा के इस महाअभियान से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। अभियान का मूल संदेश होगा कि “रक्तदान – मानवता की सेवा, शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि।”
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अंजली शाह, संयुक्त कलेक्टर सुश्री प्रियंका वर्मा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, सिविल सर्जन सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं अन्य प्रतिनिधियों ने सहभागिता करते हुए अभियान को प्रभावी एवं सफल बनाने के लिए अपने महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए। CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav Jansampark Madhya Pradesh Directorate of Health Services, Madhya Pradesh #seoni

Tags:

💬 Comments
?

No comments yet. Be the first to comment!

खबरें और भी arrow-right Created with Sketch Beta.