Madhepura:7 अगस्त को मधेपुरा में लगेगा सोलर मेला ,पीएम सूर्य घर योजना की मिलेगी संपूर्ण जानकारी

By Gaurav Kabir

Published on: अभी-अभी

मधेपुरा। प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना का लाभ जिले के अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, मधेपुरा एवं उदाकिशुनगंज के संयुक्त तत्वावधान में 7 अगस्त 2026 (शुक्रवार) को पूर्वाह्न 11:00 बजे से विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, मधेपुरा कार्यालय परिसर में सोलर मेला का आयोजन किया जाएगा।


सरकारी सब्सिडी, 6 लाख रुपये तक आसान बैंक ऋण और विशेषज्ञों से सीधे परामर्श का मिलेगा अवसर


अधिकाधिक लोग उठाएं स्वच्छ ऊर्जा योजना का लाभ

मधेपुरा। प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना का लाभ जिले के अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, मधेपुरा एवं उदाकिशुनगंज के संयुक्त तत्वावधान में 7 अगस्त 2026 (शुक्रवार) को पूर्वाह्न 11:00 बजे से विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, मधेपुरा कार्यालय परिसर में सोलर मेला का आयोजन किया जाएगा।
मेले में प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना से संबंधित सरकारी अनुदान, बैंक ऋण, सोलर संयंत्र की स्थापना, आवेदन प्रक्रिया तथा अन्य तकनीकी एवं वित्तीय पहलुओं की विस्तृत जानकारी विशेषज्ञों द्वारा दी जाएगी। इस अवसर पर विभिन्न बैंकों के अधिकारी एवं अधिकृत सोलर विक्रेता भी उपस्थित रहेंगे, जो इच्छुक उपभोक्ताओं को मौके पर ही आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।


विद्युत कार्यपालक अभियंता, मधेपुरा श्री अरविंद कुमार ने बताया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत घरों की छत पर 1 से 3 किलोवाट क्षमता तक के सोलर संयंत्र लगाने पर केंद्र सरकार द्वारा आकर्षक सब्सिडी प्रदान की जा रही है। योजना के अंतर्गत 1 किलोवाट पर 30 हजार रुपये, 2 किलोवाट पर 60 हजार रुपये तथा 3 किलोवाट तक के संयंत्र पर 78 हजार रुपये तक की सब्सिडी उपलब्ध है। इससे उपभोक्ताओं पर सोलर संयंत्र लगाने का आर्थिक बोझ काफी कम हो जाता है।
उन्होंने बताया कि सब्सिडी के बाद शेष राशि के लिए बैंकों द्वारा आसान शर्तों पर 6 प्रतिशत वार्षिक ब्याज दर पर ऋण की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। अब उपभोक्ता 10 किलोवाट क्षमता तक का रूफटॉप सोलर प्लांट स्थापित करने के लिए 6 लाख रुपये तक का बैंक ऋण प्राप्त कर सकते हैं।


उन्होंने जानकारी दी कि 2 लाख रुपये तक के ऋण के लिए न्यूनतम आय अथवा पैन कार्ड की अनिवार्यता नहीं है। वहीं 2 लाख से 6 लाख रुपये तक के ऋण के लिए वेतनभोगी, स्वरोजगार से जुड़े व्यक्ति, किसान एवं पेशेवर आवेदन कर सकते हैं। ऐसे आवेदकों के लिए पैन कार्ड, न्यूनतम 680 सिबिल स्कोर तथा कम-से-कम 3 लाख रुपये वार्षिक आय निर्धारित की गई है। डिफॉल्टर अथवा राइट-ऑफ खाते वाले व्यक्ति इस सुविधा के पात्र नहीं होंगे।


आवेदन के लिए विक्रेता का कोटेशन अथवा इनवॉइस, पूर्ण केवाईसी, दो पासपोर्ट आकार के फोटो तथा आवश्यकतानुसार बिजली बिल प्रस्तुत करना होगा। सोलर संयंत्र स्थापित करने के लिए आवेदक के पास मकान की अपनी छत होना आवश्यक है।
विद्युत कार्यपालक अभियंता ने कहा कि सौर ऊर्जा भविष्य की सबसे विश्वसनीय एवं पर्यावरण अनुकूल ऊर्जा है। इससे न केवल बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी आती है, बल्कि स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलने के साथ ऊर्जा आत्मनिर्भरता भी सुनिश्चित होती है।
जिला प्रशासन एवं विद्युत विभाग ने जिले के सभी बिजली उपभोक्ताओं, मकान मालिकों तथा इच्छुक नागरिकों से अपील की है कि वे 7 अगस्त 2026 को पूर्वाह्न 11:00 बजे आयोजित सोलर मेले में अधिकाधिक संख्या में भाग लें, विशेषज्ञों से सीधे जानकारी प्राप्त करें तथा प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना का लाभ उठाकर स्वच्छ, सस्ती एवं टिकाऊ ऊर्जा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाएं।

💬 Comments
?

No comments yet. Be the first to comment!

खबरें और भी arrow-right Created with Sketch Beta.