भागलपुर, 03 जून 2026: महामहिम राज्यपाल एवं राजभवन के निर्देशों के आलोक में जिले के छह नवनिर्मित राजकीय डिग्री कॉलेजों में आगामी 1 जुलाई 2026 से शैक्षणिक गतिविधियां प्रारंभ कराने हेतु जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवश्यक आधारभूत संरचना, फर्नीचर एवं अन्य संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में बताया गया कि पीरपैंती, गोराडीह, खरीक, रंगराचौक, इस्माइलपुर एवं गोपालपुर प्रखंड में नवस्थापित राजकीय डिग्री कॉलेजों का संचालन प्रारंभ किया जाना है। इसके लिए संबंधित क्षेत्रों के प्लस-टू विद्यालयों अथवा अन्य उपयुक्त भवनों में 4 से 5 कमरों का चयन किया गया है, जहां प्रारंभिक चरण में कक्षाओं का संचालन होगा।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि चयनित कमरों की मरम्मत, आवश्यक सिविल कार्य, फर्श, खिड़की एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं का विकास बिहार राज्य शैक्षणिक आधारभूत संरचना विकास निगम (BSIDCL) के माध्यम से शीघ्र पूर्ण कराया जाए। इस संबंध में BSIDCL के अभियंताओं द्वारा संबंधित प्रभारी प्राचार्यों के साथ स्थलों का भौतिक निरीक्षण एवं सर्वेक्षण कार्य संपन्न कर लिया गया है।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि सभी छह कॉलेजों के लिए बेंच-डेस्क, टेबल, कुर्सी, कंप्यूटर एवं अन्य आवश्यक उपस्करों की खरीद हेतु एक अति-अल्पकालीन निविदा आमंत्रित की जाएगी, ताकि खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं दरों में एकरूपता बनी रहे।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि 15 जून 2026 तक निविदा प्रक्रिया पूर्ण कर सभी आवश्यक सामग्रियों की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा 18 जून तक सभी कॉलेजों में फर्नीचर एवं कंप्यूटर सहित आवश्यक संसाधनों की स्थापना कर दी जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता के अनुरूप 1 जुलाई 2026 से सभी छह नए राजकीय डिग्री कॉलेजों में नियमित पठन-पाठन प्रारंभ कराना सुनिश्चित किया जाएगा। इसके लिए संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को युद्धस्तर पर कार्य करने का निर्देश दिया गया है।
बैठक में उप विकास आयुक्त श्री प्रदीप कुमार सिंह,अपर समाहर्ता (राजस्व) श्री दिनेश राम, जिला योजना पदाधिकारी श्री मोनू कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री राजकुमार शर्मा, वरीय कोषागार पदाधिकारी श्री देवेन्द्र प्रसाद, तिलका मांझी भागलपुर विश्वविद्यालय के कुलसचिव के प्रतिनिधि, BSIDCL के अभियंतागण तथा सभी छह डिग्री कॉलेजों के प्रभारी प्राचार्य उपस्थित थे।







No comments yet. Be the first to comment!