मुजफ्फरपुर में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित

By Gaurav Kabir

Published on: अभी-अभी

मुजफ्फरपुर में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की महत्वपूर्ण बैठक सोमवार को समाहरणालय सभागार में सांसद सह समिति के अध्यक्ष डॉ राज भूषण चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में केंद्र

मुजफ्फरपुर में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की महत्वपूर्ण बैठक सोमवार को समाहरणालय सभागार में सांसद सह समिति के अध्यक्ष डॉ राज भूषण चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में केंद्र सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों की विभागवार विस्तृत समीक्षा की गई। माननीय अध्यक्ष ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकार की योजनाओं का क्रियान्वयन निर्धारित मानदंडों एवं सरकारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी जवाबदेही, गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत उपलब्धि हासिल की जाय।


बैठक में ग्रामीण कार्य विभाग की योजनाओं की समीक्षा के दौरान बताया गया कि प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क को मजबूत करने की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। ग्रामीण कार्य विभाग पूर्वी-1 द्वारा स्वीकृत 394 योजनाओं में से 312 योजनाओं को पूर्ण कर लिया गया है। वहीं ग्रामीण कार्य विभाग पूर्वी-2 द्वारा 134 स्वीकृत योजनाओं में से 124 योजनाएं पूरी कर ली गई हैं। इसके अतिरिक्त ग्रामीण कार्य विभाग पश्चिम के अंतर्गत स्वीकृत 79 योजनाओं में से 76 योजनाओं का कार्य पूर्ण हो चुका है। माननीय सांसद ने शेष योजनाओं को भी शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर हो सके।


भवन निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान जानकारी दी गई कि मुजफ्फरपुर में 2000 दर्शक क्षमता वाले अत्याधुनिक प्रेक्षागृह का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। इसे 15 अगस्त 2026 तक निर्माण पूरा कर लिया जाएगा। इसके अलावा डॉ. भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालयों के निर्माण कार्य की भी समीक्षा की गई। बताया गया कि 720 छात्र क्षमता वाले आवासीय विद्यालयों का निर्माण मुसहरी, सकरा, बंदरा, पारू, मोतीपुर एवं कुढ़नी प्रखंडों में प्रगति पर है।


बैठक में प्रखंड एवं अंचल कार्यालयों के निर्माण कार्य की भी समीक्षा की गई। बताया गया कि मुजफ्फरपुर जिले के कांटी, साहेबगंज, सकरा, गायघाट, बोचहां, मुसहरी, मड़वन, सरैया, औराई, बंदरा, मोतीपुर तथा पारू में अंचल कार्यालय सह आवासीय परिसर का निर्माण कार्य चल रहा है। इसके साथ ही पंचायत सरकार भवनों के निर्माण की समीक्षा में बताया गया कि जिले में स्वीकृत 175 पंचायत सरकार भवनों में से 38 भवनों का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है जबकि 33 भवन निर्माणाधीन हैं। वहीं चार पंचायत सरकार भवनों के लिए निविदा प्रक्रिया चल रही है।


विद्युत विभाग की समीक्षा में अधिकारियों ने बताया कि जिले के शहरी क्षेत्रों में प्रतिदिन 23 से 24 घंटे तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 22 से 23 घंटे तक बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की समीक्षा में पाया गया कि कुल 3980 आवेदनों में से 1205 उपभोक्ताओं के यहां सोलर पैनल स्थापित किए जा चुके हैं। सात निश्चय-2 योजना के तहत “हर खेत तक सिंचाई का पानी” कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में 90 कृषि फीडरों का निर्माण किया गया है। वहीं मुख्यमंत्री कृषि विद्युत संबंध योजना के तहत अब तक 12,510 कृषि विद्युत कनेक्शन स्थापित किए जा चुके हैं।


स्मार्ट मीटर योजना की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले के कुल 9,22,839 उपभोक्ताओं में से 8,18,116 उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। मुजफ्फरपुर अर्बन-1 क्षेत्र के 93,962 उपभोक्ताओं में शत-प्रतिशत स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। इसी प्रकार मुजफ्फरपुर अर्बन-2 के 1,82,946 उपभोक्ताओं के यहां भी स्मार्ट मीटर स्थापना का कार्य पूर्ण हो चुका है। मुजफ्फरपुर पूर्वी में 2,86,997 उपभोक्ताओं में से 2,57,251 तथा मुजफ्फरपुर पश्चिम में 3,58,934 उपभोक्ताओं में से 2,83,957 उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर से आच्छादित किया गया है।


बैठक में खेल गतिविधियों एवं खेल अवसंरचना विकास की भी समीक्षा की गई। बताया गया कि खेलो इंडिया योजना के तहत मुसहरी प्रखंड में छह स्थलों पर खेल सुविधाओं के विकास के लिए भूमि चिन्हित कर खेल विभाग को प्रस्ताव भेजा गया है। इनमें सिकंदरपुर स्थित पंडित नेहरू स्टेडियम में सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स परिसर में मल्टीपर्पस इंडोर हॉल, शहीद खुदीराम बोस फुटबॉल मैदान में सिंथेटिक फुटबॉल टर्फ, जिला स्कूल में सिंथेटिक हॉकी टर्फ मैदान, बी बी कॉलेजिएट में लाइटिंग सहित सिंथेटिक हॉकी ग्राउंड तथा एलएस कॉलेज में सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक निर्माण का प्रस्ताव शामिल है। इसके अलावा खेलो इंडिया स्मॉल लेवल सेंटर योजना के तहत खेल भवन मुजफ्फरपुर में वुशू एवं ताइक्वांडो सेंटर संचालित किए जा रहे हैं।


स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान संपूर्ण टीकाकरण अभियान की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया गया। सिविल सर्जन ने बताया कि जिले में 1,49,268 बच्चों के लक्ष्य के विरुद्ध 1,40,466 बच्चों का टीकाकरण किया गया है, जो लगभग 94 प्रतिशत उपलब्धि है। एएनसी फर्स्ट ट्राइमेस्टर जांच के तहत 2,12,744 निबंधनों के विरुद्ध 1,60,061 गर्भवती महिलाओं की जांच की गई है। वहीं चार या उससे अधिक एएनसी जांच कराने वाली गर्भवती महिलाओं की संख्या 1,75,360 रही, जो कुल लक्ष्य का 82 प्रतिशत है। पिछले वित्तीय वर्ष 2025-26 में जिले में कुल 62,718 संस्थागत प्रसव कराए गए।


बैठक में दिव्यांगजनों के प्रमाणीकरण एवं यूडीआईडी कार्ड निर्माण की भी समीक्षा की गई। बताया गया कि जिले में कुल 1,29,810 दिव्यांगजन चिन्हित हैं, जिनमें से 47,601 का प्रमाणीकरण किया गया है तथा 22,549 लाभुकों को यूडीआईडी कार्ड निर्गत किया गया है। जिला उद्योग केंद्र की समीक्षा के दौरान बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में निर्धारित 615 लक्ष्य के विरुद्ध 412 लाभुकों के ऋण स्वीकृत किए गए हैं तथा 264 लाभार्थियों को ऋण राशि का वितरण किया जा चुका है। शेष मामलों की प्रक्रिया जारी है।
श्रम संसाधन विभाग की समीक्षा में बताया गया कि जिले में अब तक 14,25,991 श्रमिकों का निबंधन किया जा चुका है। वहीं अप्रैल 2026 से 15 मई 2026 तक 1,752 नए श्रमिकों का निबंधन किया गया है।


पेयजल योजनाओं की समीक्षा में पीएचईडी अधिकारियों ने बताया कि मुजफ्फरपुर प्रमंडल अंतर्गत नल-जल योजना की 2,238 योजनाओं में से 2,227 योजनाएं कार्यरत हैं। इसी प्रकार 21,914 हैंडपंपों में से 21,848 चालू अवस्था में हैं। मोतीपुर डिवीजन के अंतर्गत 3,114 नल-जल योजनाओं में से 3,101 कार्यरत हैं जबकि 22,216 हैंडपंपों में से 22,030 चालू हैं।


बैठक के दौरान विद्यालयों में जूनियर शिक्षकों को प्रभारी बनाए जाने तथा विद्यालयों में अनियमितता की शिकायतों की जांच को लेकर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने मामलों की जांच के लिए एडीएम एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी के अतिरिक्त प्रखंडों के वरीय पदाधिकारियों एवं प्रखंड विकास पदाधिकारियों की प्रखंडवार कमेटी गठित की गई है, जो जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।


बैठक में समिति के सदस्यों एवं जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न विभागों से संबंधित आवश्यक प्रश्न पूछे गए, जिनका संबंधित विभागीय अधिकारियों द्वारा संतोषजनक जवाब दिया गया। बैठक के अंत में अध्यक्ष सह माननीय सांसद डॉ. राज भूषण चौधरी ने सभी अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से आपसी समन्वय और सहयोग के साथ जनहित में योजनाओं का प्रभावी एवं जवाबदेह क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का आह्वान किया।


बैठक में बिहार सरकार के माननीय मंत्री श्री केदार प्रसाद गुप्ता, माननीय विधान पार्षद श्री दिनेश कुमार सिंह, माननीय विधान पार्षद बंशीधर ब्रजवासी, माननीय विधायक श्री अजीत कुमार, मा विधायक श्री अरुण कुमार सिंह, मा विधायक श्रीमती बेबी कुमारी, मा विधायक श्रीमती कोमल सिंह, मा. महापौर, नगर निगम मुजफ्फरपुर, जिलाधिकारी श्री सुब्रत कुमार सेन, वरीय पुलिस अधीक्षक श्री कांतेश कुमार मिश्र, उप विकास आयुक्त श्री श्रेष्ठ अनुपम, नगर आयुक्त श्री ऋतुराज प्रताप सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी पूर्वी श्री तुषार कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी पश्चिमी सुश्री आकांक्षा आनंद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं समिति के सदस्य उपस्थित थे।

Tags:

💬 Comments

No comments yet. Be the first to comment!

खबरें और भी arrow-right Created with Sketch Beta.