श्योपुर-मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कलेक्टर्स के साथ आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के संबंध में व्यापक जनजागरूकता एवं जनसुझाव अभियान संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों से अधिक से अधिक सुझाव प्राप्त किए जाएं तथा इस विषय को स्कूलों, पंचायतों और विभिन्न जनमंचों तक पहुंचाया जाए।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि स्कूलों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, पंचायत स्तर तक सुझाव लिए जाएं, जनकल्याण शिविरों एवं जनसुनवाई में सुझाव प्राप्त करने के लिए पृथक से बूथ स्थापित किए जाएं तथा जनप्रतिनिधियों और शासकीय कर्मचारियों से भी फीडबैक लिया जाए। प्रत्येक ग्रामसभा में यूसीसी पर सुझाव प्राप्त करने तथा जनप्रतिनिधियों की बैठकें आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए।
मुख्यमंत्री ने 5 से 21 जून तक संचालित विशेष अभियान के तहत सभी गतिविधियों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने जनकल्याण शिविरों में अधिक से अधिक हितग्राहियों को लाभान्वित करने, प्राप्त आवेदनों का वास्तविक निराकरण कराने तथा स्वरोजगार योजनाओं के अधिकाधिक आवेदन प्राप्त करने के निर्देश दिए।
जल गंगा संवर्धन अभियान की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियान 30 जून तक संचालित रहेगा। सभी निर्धारित कार्य समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं, पोर्टल पर नियमित अपडेट दर्ज किए जाएं तथा प्रतिदिन समीक्षा की जाए।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के संबंध में मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि 21 जून को भव्य रूप से योग कार्यक्रम आायेजित किये जायें तथा इसके पूर्व आयोजित होने वाले ऑनलाइन सत्रों के लिए अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करते हुए पंजीयन किये जाए।
बैठक में ज्ञान भारतम् पोर्टल की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राचीन पांडुलिपियों के संरक्षण के लिए नागरिकों से पांडुलिपियां एकत्रित करने का अभियान चलाया जाए।
इसके लिए अधिकारियों को व्यक्तिगत रुचि लेकर स्थानीय नागरिकों से संपर्क करने और अधिकाधिक पांडुलिपियां संग्रहित करने के निर्देश दिए।वीसी के दौरान एनआईसी कक्ष श्योपुर में कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा, अपर कलेक्टर श्री रूपेश उपाध्याय, प्रभारी सीईओ जिला पंचायत एवं एसडीएम श्री गगन सिंह मीणा, डिप्टी कलेक्टर श्री संजय जैन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।






No comments yet. Be the first to comment!