इंदौर 29 मई मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की विशेष पहल पर इंदौर जिले के ग्राम आशापुरा में विकसित की जा रही वृहद गौशाला का आज कलेक्टर शिवम वर्मा ने अधिकारियों के दल के साथ निरीक्षण किया। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सिद्धार्थ जैन, पूज्य स्वामी श्री अच्युतानंद जी महाराज, एसडीएम महू श्री राकेश परमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि गौशाला निर्माण का कार्य शीघ्रता से पूर्ण किया जाए, ताकि इसका लाभ जल्द से जल्द गौवंश संरक्षण एवं सेवा के लिए मिल सके।
कलेक्टर शिवम वर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार आशापुरा में गौमाताओं के लिए एक विशाल एवं आधुनिक गौशाला विकसित की जा रही है। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य तेजी से प्रगति पर है तथा सभी अधिकारियों और संत समाज के प्रतिनिधियों के साथ कार्यों का निरीक्षण किया गया है।
उन्होंने बताया कि गौशाला पूर्ण होने के बाद यहां लगभग 10 हजार गौमाताओं के निवास और देखभाल की व्यवस्था की जा सकेगी। कलेक्टर श्री वर्मा ने कहा कि यह परियोजना केवल गौसेवा तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे पर्यावरण संरक्षण और जल संवर्धन से भी जोड़ा गया है।मुख्यमंत्री डॉ यादव के मार्गदर्शन में जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत परिसर में तालाब का निर्माण कराया गया है। साथ ही आसपास के नालों की सफाई, बोरी बंधान एवं चेक डैम निर्माण जैसे कार्य भी किए जा रहे हैं, ताकि वर्षा जल का अधिकतम संरक्षण हो सके।
उन्होंने बताया कि गौशाला परिसर में नक्षत्र वाटिका का भी विकास किया जा रहा है, जिससे यह क्षेत्र गौसंवर्धन, जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण का एक आदर्श केंद्र बनेगा।
कलेक्टर श्री वर्मा ने विश्वास व्यक्त किया कि निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कर गौशाला को गौमाताओं के उपयोग हेतु समर्पित किया जाएगा। कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने समीप के ग्राम बड़गोनंदा में प्राचीन काल की बावड़ी का अवलोकन भी किया।
इस बावड़ी का जीर्णोद्धार भी जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत कराया जा रहा है।






No comments yet. Be the first to comment!