दिनांक 21 जून, 2026 को आयोजित होने वाले नीट (यूजी), 2026 पुनर्परीक्षा के सफल संचालन हेतु जिलाधिकारी, पटना एवं वरीय पुलिस अधीक्षक, पटना की अध्यक्षता में संयुक्त बैठक हुई।
सभी संबंधित पदाधिकारियों को अभ्यर्थियों की हर सुविधा का ख्याल रखने एवं उत्कृष्ट भीड़-प्रबंधन, सुचारू यातायात संचालन तथा सुदृढ़ विधि-व्यवस्था संधारण सुनिश्चित करने का निदेश दिया गया।
इस बैठक में सभी पदाधिकारियों को राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों के बारे में बारीकी से अवगत कराया गया तथा उन्हें अन्तर्विभागीय समन्वय स्थापित कर इसका अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने का निदेश दिया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि इस परीक्षा के सफल संचालन हेतु कई बार उच्च-स्तरीय समीक्षा हो चुकी है। उच्चतम स्तर से तैयारियों का सतत अनुश्रवण किया जा रहा है।जिलाधिकारी ने कहा कि यह परीक्षा काफी गरिमापूर्ण परीक्षा है।
इसमें किसी भी स्तर पर कोई भी कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पटना जिला में इसके लिए 95 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं तथा अभ्यर्थियों की संख्या 46,029 है।अन्य जिलों में भी परीक्षा का आयोजन किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी प्रकार का मालप्रैक्टिस प्रकाश में आने पर दोषियों के विरूद्ध तुरत एफआईआर दर्ज करायी जाएगी। परीक्षा के दिन सभी कोचिंग संस्थान बंद रहेंगे। उनकी गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। सोशल मीडिया पर 24×7 नजर रखी जाएगी। अफवाहों का त्वरित खंडन करते हुए इसे फैलाने वालों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी द्वारा पदाधिकारियों को असामाजिक तत्वों के विरूद्ध निरोधात्मक कार्रवाई करने का निदेश दिया गया।जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने अनुमंडल पदाधिकारियों एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को निदेश दिया कि परीक्षा के सफल संचालन हेतु सतत भ्रमणशील रहें।
किसी भी प्रकार की समस्या प्रकाश में आने पर स्पॉट की ओर तुरत प्रस्थान करेंगे तथा व्यवस्थाओं का अनुश्रवण करेंगे। जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने पदाधिकारियों को निदेश दिया कि परीक्षा की गरिमा को सुनिश्चित करने के लिए निर्धारित प्रोटोकॉल का अक्षरशः अनुपालन करें।
अभ्यर्थियों की हर सुविधा यथाः शुद्ध पेयजल, वेटिंग एरिया, स्टेशन पर सुदृढ़ व्यवस्था, भीषण गर्मी को देखते हुए अभिभावकों के लिए परीक्षा केन्द्रों से 100 मीटर की सीमा के बाहर छायादार स्थल की व्यवस्था, मेडिकल सुविधा इत्यादि का ख्याल रखें। राज्य सरकार के आदेशानुसार नीट परीक्षा में शामिल होने वाले सभी परीक्षार्थियों को बीएसआरटीसी की बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा प्रदान की गई है।
जिला परिवहन पदाधिकारी को संबंधित स्टेकहोल्डर्स से समन्वय स्थापित कर इसका पर्यवेक्षण करने का निदेश दिया गया। जिलाधिकारी ने अपर जिला दंडाधिकारी, विधि-व्यवस्था को परीक्षा के सफल संचालन हेतु मानकों के अनुसार दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति हेतु कार्रवाई करने का निदेश दिया। ज़िलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा के अवसर पर जिला नियंत्रण कक्ष क्रियाशील रहेगा।
किसी भी प्रकार की संदेहास्पद सूचना 24×7 जिला नियंत्रण कक्ष की दूरभाष संख्या 0612-2219810/2219234, डायल-112 एवं पुलिस नियंत्रण कक्ष के मोबाईल नम्बर 9031825979 पर दी जा सकती है।
जिला स्तर से त्वरित कार्रवाई की जाएगी।जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पूर्णतः कदाचारमुक्त, अभ्यर्थियों के लिए सुविधायुक्त, पारदर्शी एवं सुदृढ़ सुरक्षात्मक माहौल में परीक्षा सम्पन्न कराने के लिए सरकार के दिशा-निदेशों के अनुरूप सम्पूर्ण प्रशासनिक तंत्र सजग, तत्पर एवं प्रतिबद्ध है। किसी भी प्रकार की शिथिलता, लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा जीरो-टॉलरेंस पॉलिसी के तहत दोषियों के विरूद्ध सख्त-से-सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Samrat Choudhary Information & Public Relations Department, Government of Bihar Ministry of Information & Broadcasting, Government of India PIB in Bihar Patna Police Patna Traffic police Bihar Police Home Department, Govt. of Bihar







No comments yet. Be the first to comment!