मधेपुरा: किराना दुकान की आड़ में चल रहा था नशे का अवैध कारोबार, गांजा और स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार

By Gaurav Kabir

Published on: अभी-अभी

मधेपुरा की भर्राही पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर चांदनी चौक स्थित एक किराना दुकान पर छापेमारी की। मौके से 763 ग्राम गांजा और 6.15 ग्राम स्मैक बरामद, दुकानदार गिरफ्तार।

मधेपुरा (Madhepura): अपराध और नशाखोरी पर लगाम लगाने के लिए मधेपुरा पुलिस लगातार सख्त कदम उठा रही है। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर भर्राही थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध मादक पदार्थों के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। यह धंधा एक किराना दुकान की आड़ में चलाया जा रहा था।

गुप्त सूचना पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

​पुलिस मुख्यालय, बिहार और पुलिस उप-महानिरीक्षक कोशी क्षेत्र के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष समकालीन अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। 9 अगस्त 2026 की रात करीब 21:45 बजे भर्राही थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार को गुप्त सूचना मिली कि दीनापट्टी निवासी अखिलेश कुमार अपनी किराना दुकान से अवैध गांजा और स्मैक का कारोबार कर रहा है।

​सूचना के सत्यापन और छापेमारी के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम जैसे ही चांदनी चौक स्थित अखिलेश कुमार की दुकान के पास पहुंची, वहां मौजूद काफी लोग पुलिस को देखकर भागने लगे। शक होने पर पुलिस ने दुकान की तलाशी ली।

दुकान के पीछे वाले कमरे से मिला नशे का जखीरा

​पुलिस ने जब दुकान के पीछे वाले कमरे में टॉर्च की रोशनी में छापेमारी की, तो प्लास्टिक की बोरी से ढका हुआ एक पैकेट मिला। तलाशी लेने पर:

  • 763 ग्राम गांजा (गुलाबी और उजले रंग की पन्नी में पैक) बरामद हुआ।
  • ​उसी कमरे में बेंच पर रखे एल्युमिनियम फॉयल की दो पुड़िया में से 6.15 ग्राम स्मैक जैसा मादक पदार्थ भी मिला।

गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण

  • नाम: अखिलेश कुमार (उम्र – करीब 32 वर्ष)
  • पिता: जगदीश यादव
  • पता: साकिन – दीनापट्टी, वार्ड नं. 02, थाना – भर्राही, जिला – मधेपुरा

​इस मामले में भर्राही थाना में कांड सं. 294/26 (दिनांक 09.08.2026) के तहत NDPS Act की धारा 8/20(b)(ii)A और 8(c)/21(b) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

छापेमारी टीम में शामिल अधिकारी

​इस सफल अभियान में भर्राही थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार के साथ राजस्व पदाधिकारी श्री रविशंकर, पु०अ०नि० अजित कुमार, और सशस्त्र बल के सिपाही दिनू कुमार, त्रिलोक कुमार, सनोज कुमार सहित मधेपुरा की टेक्निकल टीम शामिल थी। मधेपुरा पुलिस ने इस कार्रवाई से स्पष्ट कर दिया है कि जिले में अवैध कारोबारियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

💬 Comments
?

No comments yet. Be the first to comment!

खबरें और भी arrow-right Created with Sketch Beta.