बिहारशरीफ (नालंदा): कहते हैं कि सच्चा प्यार अगर अपनी जिद पर अड़ जाए, तो दुनिया की कोई भी ताकत उसे झुकने पर मजबूर नहीं कर सकती। कुछ ऐसा ही मामला बिहार के नालंदा जिले से सामने आया है, जहां एक छात्र और छात्रा का प्यार आखिरकार शादी के मुकाम तक पहुंच गया। बिना किसी बैंड-बाजे और बारात के, महज़ चुटकी भर सिंदूर ने दोनों को सात जन्मों के पवित्र बंधन में बांध दिया। सबसे बड़ी बात यह रही कि इस शादी को दोनों के परिवारों की रजामंदी भी मिल गई।
किराये के मकान में रहते हुए हुई थी मुलाकात
जानकारी के मुताबिक, मानपुर थाना क्षेत्र के परोहा गांव का रहने वाला युवक बिहारशरीफ के मेहरपर मोहल्ले में किराये का कमरा लेकर पढ़ाई करता था। इसी दौरान उसकी मुलाकात सिपाह गांव की रहने वाली एक छात्रा से हुई। पढ़ाई के दौरान हुई यह दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई। पिछले डेढ़-दो साल से दोनों एक-दूसरे के संपर्क में थे और साथ जीवन बिताने का फैसला कर चुके थे।
घरवालों की डांट से आहत होकर छोड़ा घर
बताया जा रहा है कि छात्रा के परिजनों को जब इस बात की भनक लगी, तो उन्होंने नाराजगी जताई और उसे जमकर डांट-फटकार लगाई। इससे आहत होकर छात्रा ने अपना घर छोड़ दिया और सीधे अपने प्रेमी को फोन कर बुला लिया। युवक भी अपनी प्रेमिका की सुरक्षा को लेकर चिंतित था, इसलिए वह उसे लेकर सीधे लहेरी थाना पहुंच गया।
थाने में चला हाई-वोल्टेज ड्रामा, फिर मिली परिजनों की रजामंदी
लहेरी थाने में पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के परिजनों को बुलाया गया। काफी देर तक मान-मनौव्वल और समझाने का दौर चला। छात्रा अपने फैसले पर अडिग रही और उसने साफ कह दिया कि वह हर हाल में अपने प्रेमी के साथ ही रहेगी। बेटी की जिद और खुशी को देखते हुए आखिरकार परिजनों का दिल पसीज गया और उन्होंने इस रिश्ते को अपनी सहमति दे दी।
देवी स्थान मंदिर में लिए सात फेरे
परिवार की रजामंदी मिलने के बाद प्रेमी जोड़ा मुरारपुर मोहल्ले स्थित देवी स्थान मंदिर पहुंचा। वहां मौजूद लोगों और परिजनों के बीच युवक ने अपनी प्रेमिका की मांग में सिंदूर भरा और उसे अपनी जीवनसंगिनी बना लिया। शादी के बाद दोनों खुशी-खुशी युवक के घर के लिए रवाना हो गए।
लहेरी थानाध्यक्ष रंजीत कुमार रजक ने इस मामले की पुष्टि करते हुए बताया, “युवक और युवती दोनों बालिग हैं। पुलिस और परिजनों की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच सहमति बनी, जिसके बाद उन्होंने मंदिर में अपनी इच्छा से विवाह संपन्न किया।”







No comments yet. Be the first to comment!