दिल्ली-मेरठ के बाद अब ऋषिकेश के लक्ष्मणझूला तक हाई स्पीड नमो भारत ट्रेन (RRTS) चलाने की तैयारी है। सीएम पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों से 150 किमी लंबे इस नए ट्रैक पर सहमति बन गई है। जानें रूट और समय की पूरी जानकारी।
उत्तराखंड जाने वाले तीर्थयात्रियों और पर्यटकों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। दिल्ली से मेरठ (मोदीपुरम) तक चलने वाली हाई स्पीड नमो भारत ट्रेन (Namo Bharat Train) का विस्तार अब देवभूमि उत्तराखंड तक होने जा रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के लगातार प्रयासों के बाद, मेरठ के मोदीपुरम से ऋषिकेश के लक्ष्मणझूला तक आरआरटीएस (RRTS) नेटवर्क के विस्तार पर राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (NCRTC), उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड सरकार के बीच सहमति बन गई है।
सीएम धामी के प्रयास लाए रंग
इसी साल फरवरी में दिल्ली से मेरठ के मोदीपुरम तक नमो भारत ट्रेन का संचालन शुरू हुआ था। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी इस ट्रेन को ऋषिकेश तक लाने के लिए लगातार प्रयासरत थे। उन्होंने हाल ही में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय आवास एवं शहरी विकास मंत्री श्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात कर इसका प्रस्ताव सौंपा था, जिसके बाद इस महात्वाकांक्षी परियोजना को हरी झंडी मिल गई है।
क्या होगा नमो भारत ट्रेन का नया रूट? (Namo Bharat Train Route)
प्रस्तावित परियोजना के अनुसार, मेरठ के मोदीपुरम स्टेशन से यह नया ट्रैक शुरू होगा और ऋषिकेश के अंतिम छोर तक जाएगा।
- कुल लंबाई: 150 किलोमीटर
- राज्यों में हिस्सा: 72 किमी (उत्तर प्रदेश) और 78 किमी (उत्तराखंड)
- प्रमुख स्टेशन/पड़ाव: मोदीपुरम (मेरठ), मुजफ्फरनगर,रुड़की, हर की पैड़ी (हरिद्वार), लक्ष्मणझूला (ऋषिकेश)
सफर का समय होगा आधा, मिलेगी 160 किमी/घंटे की रफ्तार
वर्तमान में दिल्ली से ऋषिकेश तक सड़क मार्ग से जाने में करीब 5 से 6 घंटे का समय लगता है। 160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ने वाली नमो भारत ट्रेन के शुरू होने से यह सफर सिमट कर मात्र ढाई से तीन घंटे का रह जाएगा। इससे न केवल समय की बचत होगी, बल्कि दिल्ली-एनसीआर से उत्तराखंड जाने वाले लोगों को एक आधुनिक, सुरक्षित और तेज ट्रांसपोर्ट का विकल्प मिलेगा।
डीपीआर (DPR) के लिए सर्वे जल्द होगा शुरू
परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए तेजी से काम हो रहा है:
- उत्तराखंड सरकार ने अपर सचिव रीना जोशी को नोडल अधिकारी नियुक्त कर दिया है।
- एनसीआरटीसी (NCRTC) ने भी अपना नोडल अधिकारी नियुक्त कर लिया है।
- उत्तर प्रदेश सरकार से भी इस प्रोजेक्ट को सहमति मिल चुकी है।
- जल्द ही 150 किमी के इस ट्रैक की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार करने के लिए सर्वे शुरू किया जाएगा।






No comments yet. Be the first to comment!