सिवनी/राज्य शासन के निर्देशानुसार तथा कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना के मार्गदर्शन में विश्व पर्यावरण दिवस एवं अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मध्य संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु कृषि आधारित विशेष अभियान के अंतर्गत जिले में 19 एवं 20 जून 2026 को प्राकृतिक खेती विषयक कार्यशाला एवं कृषक संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना के निर्देशानुसार प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, कृषि लागत में कमी तथा किसानों की आय में वृद्धि के उद्देश्य से जिले में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए व्यापक स्तर पर जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कार्यक्रम के तहत 19 जून 2026 को विकासखंड घंसौर स्थित कृषि उपज मंडी परिसर में प्राकृतिक खेती कार्यशाला आयोजित होगी। वहीं 20 जून 2026 को कृषि विज्ञान केंद्र, नागपुर रोड, सिवनी के प्रांगण में कृषक संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यशालाओं में किसानों को प्राकृतिक खेती की उन्नत तकनीकों की जानकारी प्रदान की जाएगी। साथ ही प्राकृतिक खेती में उपयोग होने वाले कृषि आदानों जैसे बीजामृत, जीवामृत, घनजीवामृत एवं दशपर्णी अर्क के निर्माण एवं उपयोग संबंधी तकनीकी प्रशिक्षण कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों द्वारा दिया जाएगा।
इसके अतिरिक्त विभिन्न विभागों के अधिकारी किसानों को कृषि संबंधी तकनीकी सलाह देने के साथ-साथ शासन की विभागीय योजनाओं एवं उनके लाभों की जानकारी भी उपलब्ध कराएंगे। कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने जिले के किसानों से अपील की है कि वे इन कार्यशालाओं एवं संगोष्ठियों में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता सुनिश्चित कर प्राकृतिक खेती की नवीन तकनीकों को अपनाएं तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करें।
CM Madhya Pradesh Jansampark Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav #seoni Department of Agriculture, Madhya Pradesh







No comments yet. Be the first to comment!