सड़क सुरक्षा को लेकर सख्ती बढ़ेगी, हेलमेट और सीट बेल्ट पर रहेगा विशेष फोकस, जनजागरण के साथ कार्रवाई भी होगी तेज,सड़क सुरक्षा में भी इंदौर को नंबर वन बनाने का लिया गया संकल्प

By Gaurav Kabir

Published on: 1 घंटे पहले

इंदौर, 30 जून 2026 सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और जनहानि रोकने के उद्देश्य से जिला सड़क सुरक्षा समिति की महत्वपूर्ण बैठक सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित सड़क सुरक्षा समिति के अध्यक्ष न्यायमूर्ति श्री अभय मनोहर सप्रे की अध्यक्षता में आयोजित हुई।

सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित सड़क सुरक्षा समिति के अध्यक्ष न्यायमूर्ति श्री सप्रे की अध्यक्षता में बैठक सम्पन्न

इंदौर जिले में सड़कों के रखरखाव और सड़कों की मरम्मत पर विशेष ध्यान देने के दिए गए निर्देश


इंदौर, 30 जून 2026
सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और जनहानि रोकने के उद्देश्य से जिला सड़क सुरक्षा समिति की महत्वपूर्ण बैठक सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित सड़क सुरक्षा समिति के अध्यक्ष न्यायमूर्ति श्री अभय मनोहर सप्रे की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में कलेक्टर श्री शिवम वर्मा, नगर निगम आयुक्त श्री क्षितिज सिंघल, डीसीपी ट्रैफिक श्री राजेश त्रिपाठी, इंदौर ‍विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. परीक्षित झाड़े, अपर कलेक्टर श्री नवजीवन विजय पवार, स्मार्ट सिटी के सीईओ श्री अर्थ जैन, अपर आयुक्त नगर निगम श्री आकाश सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
बैठक में कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने सड़क सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। न्यायमूर्ति श्री सप्रे ने सड़क सुरक्षा के सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं की गहन समीक्षा की। इसमें ब्लैक स्पॉट्स पर किए गए सुधार कार्य, चालानी कार्रवाई, हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग की स्थिति, आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था और सड़क सुरक्षा शिक्षा जैसे विषय शामिल रहे। उन्होंने कहा कि जिले में ब्लैक स्पॉट्स पर लगातार सुधार कार्य किए जा रहे हैं और कई स्थानों पर दुर्घटनाओं एवं जनहानि में उल्लेखनीय कमी आई है। कुछ स्थानों पर दुर्घटनाएं शून्य तक लाने में सफलता मिली है। न्यायमूर्ति श्री सप्रे ने विशेष रूप से हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग को लेकर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि चालानी कार्रवाई बढ़ने के बावजूद आमजन में हेलमेट पहनने और सीट बेल्ट लगाने की आदत अभी अपेक्षित स्तर तक नहीं पहुंची है। इस पर सभी विभागों, संस्थाओं और नागरिकों को मिलकर कार्य करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि “जीवन की सुरक्षा सर्वोपरि है। हेलमेट और सीट बेल्ट जैसे सुरक्षा उपाय न केवल नियमों का पालन हैं, बल्कि जीवन रक्षा के सबसे सरल और प्रभावी माध्यम भी हैं।” उन्होंने हेलमेट के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए हर संभव प्रयास करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यातायात सुरक्षा के संबंध में जनजागरण के अभियान को जनआंदोलन बनाया जाए। बैठक में शासकीय विभागों के साथ निजी स्कूलों, कॉलेजों, सामाजिक संगठनों, मीडिया प्रतिनिधियों तथा के पदाधिकारियों ने भी भाग लिया। सभी ने सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान को और प्रभावी बनाने का संकल्प लिया। न्यायमूर्ति श्री सप्रे ने कहा कि इंदौर ने स्वच्छता के क्षेत्र में देशभर में अपनी अलग पहचान बनाई है, अब समय आ गया है कि सड़क सुरक्षा में भी इंदौर देश में नंबर वन बने। न्यायमूर्ति श्री सप्रे ने शिक्षा संस्थानों, प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस विभाग और सामाजिक संगठनों से अपील की कि वे सड़क सुरक्षा को जनआंदोलन बनाएं और प्रत्येक नागरिक को “रोड सेफ्टी ब्रांड एंबेसडर” के रूप में कार्य करने के लिए प्रेरित करें।
बैठक में सड़क इंजीनियरिंग को लेकर भी गंभीरता से चर्चा की गई। सभी सड़क निर्माण एजेंसियों को मानकों के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं तथा ब्लैक स्पॉट्स के सुधार कार्यों की लगातार समीक्षा की जा रही है। श्री सप्रे ने निर्देश दिए कि सड़कों के रखरखाव और मरम्मत पर विशेष ध्यान दिया जाए। कल से ही सड़कों के गड्ढ़े का सर्वे शुरू कर दिया जाए और सड़कों के गड्ढ़ों को भरने का कार्य भी कल से ही प्रारंभ कर देंवे। उन्होंने कहा कि भविष्य में सड़क निर्माण के संबंध में ध्यान दिया जाए कि ऐसी गुणवत्ता रहे जिससे कि गड्ढ़े नहीं हो और डिजाइन ऐसी हो कि ब्लेक स्पॉट भी नहीं बनें।
उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल शासन या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह समाज के प्रत्येक व्यक्ति की साझी जिम्मेदारी है। केवल आदेश जारी कर देने से बदलाव नहीं आता, बल्कि लोगों के बीच जाकर उन्हें समझाना, जागरूक करना और नियमों के पालन के लिए प्रेरित करना जरूरी है। आज सड़क सुरक्षा का विषय केवल नियमों का पालन कराने का नहीं, बल्कि दूसरों की जान बचाने का विषय है। यदि हम एक व्यक्ति का जीवन बचाते हैं, तो वह मानवता की सबसे बड़ी सेवा होगी। उन्होंने सभी संबंधित विभागों, सामाजिक संगठनों और नागरिकों से आह्वान किया कि वे मिलकर सड़क सुरक्षा को जन आंदोलन बनाएं।
न्यायमूर्ति सप्रे ने कहा कि हमारा आज का कार्य अपने लिए नहीं, बल्कि समाज और आने वाली पीढ़ियों के लिए है। यदि हम किसी की जान बचाते हैं, तो यह सबसे बड़ा पुण्य और सेवा का कार्य है। श्री सप्रे ने कहा कि सड़क दुर्घटनाएं कोई नियति नहीं हैं, बल्कि इन्हें जागरूकता, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी से रोका जा सकता है। उन्होंने कहा कि “दूसरों की सेवा करना ही सबसे बड़ा धर्म है। जितना हम दूसरों की मदद करेंगे, उतना ही ईश्वर हमारी सहायता करेगा।”
उन्होंने कहा कि जीवन का मूल उद्देश्य केवल अपने लिए जीना नहीं, बल्कि समाज और मानवता के लिए कार्य करना है। सड़क पर किसी घायल व्यक्ति की मदद करने के लिए किसी पद या अधिकार की आवश्यकता नहीं होती, बल्कि इसके लिए संवेदनशील मन और मानवीय सोच जरूरी है। उन्होंने कहा कि ईश्वर ने हर व्यक्ति के भीतर दूसरों की जान बचाने की भावना दी है। जब हम किसी को संकट में देखते हैं, तो स्वाभाविक रूप से उसे बचाने की इच्छा जागती है। यही मानवता का सबसे बड़ा परिचायक है।
उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन, पुलिस या न्यायपालिका का विषय नहीं है, बल्कि समाज के हर व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि हम सब मिलकर प्रयास करें तो सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को काफी हद तक रोका जा सकता है। उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि देश में हर तीन मिनट में एक व्यक्ति सड़क दुर्घटना में अपनी जान गंवा देता है। यह स्थिति अत्यंत गंभीर है और इसे बदलने के लिए सभी संबंधित विभागों, संस्थाओं और आम नागरिकों को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने मीडिया की भूमिका को भी अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि जन-जागरूकता फैलाने में मीडिया प्रभावी माध्यम है और सड़क सुरक्षा अभियान में इसकी स्थायी भागीदारी आवश्यक है।

कलेक्टर श्री वर्मा ने इंदौर जिले में यातायात सुधार एवं सड़क सुरक्षा के लिए किए जा रहे कार्यों और नवाचारों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। डीसीपी ट्रैफिक श्री राजेश त्रिपाठी ने इंदौर जिले में ड्रिंक एंड ड्राइव, हेलमेट और सीट बेल्ट को लेकर पुलिस द्वारा चलाये जा रहे अभियान के बारे में बताया।

💬 Comments
?

No comments yet. Be the first to comment!

खबरें और भी arrow-right Created with Sketch Beta.