सिवनी/प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत किसानों को मिलने वाली 23वीं किस्त का वितरण 20 जून 2026 को किया जाएगा। इस अवसर पर पूरे जिले में जिला, विकासखंड एवं ग्राम स्तर पर “पीएम किसान उत्सव दिवस” का आयोजन किया जाएगा।
कलेक्टर कार्यालय से प्राप्त निर्देशों के अनुसार प्रधानमंत्री द्वारा आयोजित मुख्य कार्यक्रम का सीधा प्रसारण सभी स्तरों पर कराया जाएगा। कार्यक्रम का प्रसारण प्रोजेक्टर एवं बड़ी स्क्रीन के माध्यम से किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक किसान इसका लाभ उठा सकें।
निर्देशों के अनुसार जिले के सभी जनप्रतिनिधियों को कार्यक्रम में आमंत्रित किया जाएगा। ग्राम स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों में संबंधित पटवारी एवं ग्राम नोडल अधिकारी किसानों की सहभागिता सुनिश्चित करेंगे। साथ ही राजस्व विभाग के मैदानी अमले को भी कार्यक्रम में सक्रिय रूप से शामिल होने के निर्देश दिए गए हैं।
कार्यक्रम के दौरान किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, आधार एवं बैंक खाते की ई-केवाईसी, भू-अभिलेखों के सत्यापन तथा पीएम किसान पोर्टल पर फेस ऑथेंटिकेशन सहित अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं की जानकारी दी जाएगी।
जिला मुख्यालय पर आयोजित कार्यक्रम के लिए जिला स्तरीय नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं, जबकि विकासखंड स्तर पर संबंधित अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को नोडल अधिकारी बनाया गया है। तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार सहित अन्य अधिकारियों को कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे अपने निकटतम आयोजन स्थल पर पहुंचकर कार्यक्रम में शामिल हों तथा शासन की विभिन्न किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें। CM Madhya Pradesh Jansampark Madhya Pradesh Department of Agriculture, Madhya Pradesh #seoni






No comments yet. Be the first to comment!