उपायुक्त ने प्रतापपुर प्रखंड सह अंचल कार्यालय का किया निरीक्षण, जनता दरबार में सुनी आमजनों की समस्याएं

By Gaurav Kabir

Published on: अभी-अभी

झारखण्ड :चतरा उपायुक्त ने प्रतापपुर प्रखंड सह अंचल कार्यालय का किया निरीक्षण, जनता दरबार में आमजनों की समस्याएं सुनी और कई दिशा निर्देश दिए।

जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री रवि आनंद ने प्रतापपुर प्रखंड क्षेत्र के भ्रमण के दौरान प्रखंड सह अंचल कार्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने कार्यालय में पदाधिकारियों एवं कर्मियों की उपस्थिति, कार्यालय परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था, अभिलेखों के संधारण तथा विभिन्न प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यालयों में अनुशासन, समयबद्ध कार्य संस्कृति एवं स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का निर्देश देते हुए कहा कि सभी पदाधिकारी एवं कर्मी समय पर कार्यालय पहुंचकर आमजनों की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान सुनिश्चित करें।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कार्यालय परिसर में आयोजित जनता दरबार में भी भाग लिया तथा विभिन्न क्षेत्रों से आए आमजनों की समस्याओं एवं शिकायतों को सुना। इस अवसर पर उन्होंने प्राप्त आवेदनों का अवलोकन करते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी को निर्देश दिया कि सभी आवेदनों का नियमानुसार, पारदर्शी एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है तथा इसमें किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।

भ्रमण के क्रम में उपायुक्त ने प्रखंड कार्यालय परिसर के पीछे जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) मद से निर्माणाधीन स्किल डेवलपमेंट सेंटर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी लेते हुए संबंधित कार्य एजेंसी एवं अधिकारियों को गुणवत्ता युक्त सामग्री का उपयोग सुनिश्चित करने तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर निर्माण कार्य पूर्ण कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि स्किल डेवलपमेंट सेंटर के संचालित होने से क्षेत्र के युवाओं को कौशल विकास प्रशिक्षण प्राप्त होगा, जिससे उनके रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों में वृद्धि होगी।

उपायुक्त ने निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं करने की हिदायत देते हुए नियमित निगरानी एवं मानकों के अनुरूप कार्य संपादित कराने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी चतरा श्री जाहूर आलम, जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री दिनेश कुमार मिश्रा, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री शकील अहमद सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

Office of Chief Minister, Jharkhand IPRD Jharkhand Hemant Soren

💬 Comments
?

No comments yet. Be the first to comment!

खबरें और भी arrow-right Created with Sketch Beta.