न्यायपालिका की प्राथमिकता न्याय को लोगों के द्वार तक पहुंचाना : मुख्य न्यायधीश

न्यायपालिका की प्राथमिकता न्याय को लोगों के द्वार तक पहुंचाना : मुख्य न्यायाधीश

अनुमंडल मुख्यालय परिसर में रविवार को नव-निर्मित 10 कोर्ट भवन का भव्य उद्घाटन पटना उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति संगम कुमार साहू द्वारा किया गया।

इस अवसर पर पूरे परिसर में उत्साह का माहौल देखा गया।कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान के साथ हुई, जिसके बाद मुख्य अतिथि एवं अन्य गणमान्य लोगों ने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। जिला एवं सत्र न्यायाधीश बलराम दुबे ने अध्यक्षीय भाषण देते हुए अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया।मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति संगम कुमार साहू को कार्यक्रम स्थल पर गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके पश्चात आयोजित समारोह में न्यायमूर्ति साहू, न्यायमूर्ति आलोक कुमार सिन्हा, न्यायमूर्ति सौरेन्द्र पांडेय एवं न्यायमूर्ति रितेश कुमार का पारंपरिक पाग, शॉल तथा बाबा विशु राउत का स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया गया। इस दौरान स्थानीय स्कूली बच्चों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम को और आकर्षक बना दिया।

अपने संबोधन में मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि नए कोर्ट भवन के निर्माण से न्यायिक कार्यों में तेजी आएगी और आम लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह भवन वादियों एवं अधिवक्ताओं दोनों के लिए उपयोगी साबित होगा। इससे लोगों को न्याय के लिए दर-दर भटकने की समस्या में कमी आएगी और न्याय व्यवस्था के प्रति विश्वास और मजबूत होगा।उन्होंने जोर देते हुए कहा कि न्यायपालिका की प्राथमिकता न्याय को लोगों के द्वार तक पहुंचाना है। नए न्यायालय इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे और न्याय प्रणाली को सरल, सुलभ एवं पारदर्शी बनाए रखने में मदद करेंगे।

मुख्य न्यायाधीश ने यह भी कहा कि न्यायालय का उद्देश्य केवल निर्णय देना नहीं, बल्कि आम लोगों का न्याय व्यवस्था के प्रति विश्वास बनाए रखना भी है। उन्होंने न्यायिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए जिला न्यायपालिका, पुलिस प्रशासन और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर बल दिया।कार्यक्रम में जिलाधिकारी अभिषेक रंजन, पुलिस अधीक्षक डॉ. संदीप सिंह, एसीजेएम शम्भु दास, एसीजेएम द्वितीय राजीव रंजन कुमार, मुनसफ रूपेश कुमार, न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी संतोष कुमार एवं सौरभ कुमार सहित एसडीएम पंकज कुमार घोष, एसडीपीओ अविनाश कुमार और बड़ी संख्या में अधिवक्ता अरुणेश मिश्रा, शत्रुघ्न मिश्रा, धीरेन्द्र यादव, सोनी कुमारी, सुमन पाठक, मनजीत कुमार, अनीता आचार्य सहित प्रशासनिक अधिकारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।