हाथों में तिरंगा, दिल में देशभक्ति का जज्बा-विद्यार्थियों, युवाओं और नागरिकों की बड़ी सहभागिता से राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा शहर

By Gaurav Kabir

Published on: अभी-अभी

सिवनी/ स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से हरघरतिरंगा_अभियान-2026’ के तहत सोमवार को सिवनी में विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया।

सिवनी/ स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से हरघरतिरंगा_अभियान-2026’ के तहत सोमवार को सिवनी में विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। तिरंगे के साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ते विद्यार्थियों, युवाओं, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने पूरे उत्साह के साथ राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय गौरव का संदेश दिया। यात्रा के दौरान शहर का वातावरण देशभक्ति के उत्साह से सराबोर नजर आया।

सुबह से ही तिरंगा यात्रा को लेकर शहर में उत्साह का माहौल रहा। निर्धारित समय पर बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं, युवा, नागरिक, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एकत्रित हुए। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामे विद्यार्थियों और युवाओं की कतारों ने यात्रा को भव्य स्वरूप प्रदान किया। तिरंगे की शान में निकली इस यात्रा में शामिल हर आयु वर्ग के लोगों में राष्ट्र के प्रति सम्मान और गौरव की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी।
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ कन्या छात्रावास, एम.एल.बी. स्कूल के पास, दलसागर के सामने से हुआ। यहां से यात्रा पोस्ट ऑफिस तिराहा की ओर आगे बढ़ी। इसके बाद कचहरी चौक, अम्बेडकर चौक और शौर्य स्मारक होते हुए तिरंगा यात्रा तिकोना पार्क पहुंची। यहां से यात्रा गांधी भवन और पोस्ट ऑफिस तिराहा होते हुए पुनः कन्या छात्रावास, एम.एल.बी. स्कूल के पास, दलसागर के सामने पहुंची, जहां तिरंगा यात्रा का समापन हुआ।
यात्रा के पूरे मार्ग पर देशभक्ति का उत्साह दिखाई दिया। हाथों में लहराते तिरंगे और बड़ी संख्या में शामिल विद्यार्थियों एवं युवाओं ने वातावरण को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया। यात्रा में शामिल नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता कर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के संदेश को मजबूत किया। विभिन्न आयु वर्ग के लोगों की सहभागिता ने यह संदेश दिया कि राष्ट्रीय पर्व केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के लिए गौरव और सहभागिता का अवसर है।
विशाल तिरंगा यात्रा में विधायक श्री दिनेश राय, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मालती डेहरिया, नगर पालिका अध्यक्ष श्री ज्ञानचंद सनोड़िया, कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अंजली शाह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने भी तिरंगा यात्रा में सहभागिता करते हुए विद्यार्थियों, युवाओं और नागरिकों का उत्साह बढ़ाया।

तिरंगे के साथ दिया राष्ट्रीय एकता का संदेश
‘हर घर तिरंगा अभियान’ का उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को और मजबूत करना है। इसी भावना के साथ आयोजित तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता ने अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप प्रदान किया। यात्रा के माध्यम से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रत्येक घर तक तिरंगे की शान और राष्ट्रप्रेम का संदेश पहुंचाने का आह्वान किया गया।

Tags:

💬 Comments
?

No comments yet. Be the first to comment!

खबरें और भी arrow-right Created with Sketch Beta.