पटना :23 प्रखंड के 41 पंचायत में सहयोग शिविर का आयोजन

By Gaurav Kabir

Published on: 8 घंटे पहले

मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप पटना जिला के सभी 23 प्रखंडों के 41 पंचायतों में सहयोग शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों में हजारों की संख्या में आम लोग भाग ले रहे

मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप पटना जिला के सभी 23 प्रखंडों के 41 पंचायतों में सहयोग शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों में हजारों की संख्या में आम लोग भाग ले रहे हैं तथा सरकार की सैकड़ों लोक-कल्याणकारी एवं विकासात्मक योजनाओं के सफल क्रियान्वयन से लोगों के जीवन-स्तर में आए सकारात्मक परिवर्तन एवं सामाजिक, शैक्षणिक तथा आर्थिक सशक्तिकरण पर प्रसन्नता व्यक्त कर रहे हैं।

राज्य सरकार के आदेश के आलोक में प्रभारी मंत्री, पटना जिला-सह-उप मुख्यमंत्री, बिहार विजय कुमार चौधरी ने नौबतपुर प्रखंड के चिरौरा पंचायत, दानापुर प्रखंड के सरारी पंचायत तथा पुनपुन प्रखंड के कल्याणपुर पंचायत में आयोजित शिविरों में भाग लिया।

उन्होंने शिविर स्थलों पर 19 विभागों द्वारा लगाए गए जनोपयोगी काउन्टर का निरीक्षण किया तथा लोगों से फीडबैक भी लिया। माननीय प्रभारी मंत्री द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान, बासगीत पर्चा, यूनिक डिसएबिलिटि कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना, राशन कार्ड, बिहार शताब्दी असंगठित कार्यक्षेत्र कामगार एवं शिल्पकार सामाजिक सुरक्षा योजना, बिहार भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण योजना के अंतर्गत श्रम कार्ड सहित सरकार की जनहित की विभिन्न योजनाओं के लाभुकों को राशि के समतुल्य सांकेतिक चेक, स्वीकृति पत्र आदि प्रदान किया गया।

शिविरों में काफी अधिक संख्या में लोगों की भागीदारी एवं जिला प्रशासन, पटना के उत्कृष्ट व्यवस्था की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि योजनाओं की सफलता के लिए अधिकतम जन-भागीदारी आवश्यक है और आज उन्हें यह देखकर काफी खुशी हो रही है कि लोग जनहित की योजनाओं में स्व-प्रेरणा से एवं सहर्ष अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित कर रहे हैं।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि आज पूरी सरकार आपके द्वार है। सरकार के सभी विभागों के अधिकारी आपके पास आए हैं। माननीय मुख्यमंत्री जी के आदेशों के अनुसार सहयोग शिविरों के माध्यम से प्राप्त आवेदनों का 30 दिनों के अंदर निष्पादन अनिवार्य रूप से किया जाएगा अन्यथा शिथिलता या लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरूद्ध स्वतः अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रारंभ हो जाएगी।

सरकार के आदेश के आलोक में प्रभारी सचिव, पटना जिला-सह-प्रधान सचिव, नगर विकास एवं आवास विभाग, बिहार सरकार विनय कुमार ने सम्पतचक प्रखंड के चिपुरा पंचायत, फतुहा प्रखंड के उसफा पंचायत एवं खुशरूपुर प्रखंड के हरदास बिगहा में आयोजित सहयोग शिविरों का निरीक्षण किया तथा लोगों से सुझाव एवं फीडबैक लिया। प्रभारी सचिव ने कहा कि शिविरों का सफलतापूर्वक आयोजन किया जा रहा है।

लोग काफी खुश हैं। बेहतरीन प्रबंध के लिए जिलाधिकारी, पटना एवं उनकी सम्पूर्ण टीम बधाई के पात्र हैं। जिलाधिकारी, पटना ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री के आदेश का अनुपालन करते हुए आज से पटना जिला में सहयोग शिविरों का शुभारंभ हुआ है। यह 41 पंचायतों में लगाया जा रहा है। उन्होंने माननीय प्रभारी मंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रभारी मंत्री के मार्ग-दर्शन से हमसब में असीम ऊर्जा का संचार होता है तथा जनहित के कार्यों को सुगमतापूर्वक करने में सहायता मिलती है।

उन्होंने कहा कि प्रभारी सचिव महोदय द्वारा भी सहयोग शिविरों का अनुश्रवण किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने कहा कि आज सभी शिविर स्थलों पर 19 विभागों का काउन्टर लगाया गया है जहाँ आम जनता को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान करने में जिला प्रशासन द्वारा सहायता उपलब्ध करायी जा रही है। हर शिविर स्थल पर जिला स्तर से एक वरीय पदाधिकारी को नोडल पदाधिकारी के तौर पर प्रतिनियुक्त किया गया है।

जिलाधिकारी ने कहा कि सहयोग शिविर हर महीने के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को रोस्टर के अनुसार पटना जिला के सभी 309 पंचायतों में आयोजित किया जाएगा। सरकार के द्वारा दिए गए दिशा-निदेशों का अक्षरशः अनुपालन करते हुए सात निश्चय-3 के सातवें निश्चय ‘‘सबका सम्मान, जीवन आसान’’ (Ease of living) के तहत लोगों के दैनिक जीवन में आने वाली कठिनाइयों को कम करने तथा उन्हें गरिमामय जीवन यापन करने हेतु बेहतरीन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सहयोग शिविरों का सफल आयोजन किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन, पटना द्वारा विभिन्न माध्यमों यथा प्रिन्ट, इलेक्ट्रॉनिक एवं सोशल मीडिया, होर्डिंग-फ्लेक्स सहित सभी माध्यमों से सहयोग शिविर स्थलों, निःशुल्क हेल्पलाईन 1100 एवं ऑनलाईन परिवाद दर्ज करने हेतु सहयोग पोर्टल का वृहत प्रचार-प्रसार किया गया है। परिवादों के निष्पादन हेतु सम्पूर्ण प्रशासनिक तंत्र सजग, तत्पर एवं प्रतिबद्ध है।

परिवाद दर्ज करने की तिथि से 30 दिनों के भीतर इसका निष्पादन सुनिश्चित कर सहयोग पोर्टल पर उपलब्ध कराया जाएगा। जिलाधिकारी ने कहा कि अगला सहयोग शिविर 2 जून, 2026 को पटना जिला के 41 पंचायतों में आयोजित किया जाएगा। इसके लिए भी वरीय पदाधिकारियों को प्रतिनियुक्त किया गया है तथा सरकार द्वारा दिए गए दिशा-निदेशों के अनुरूप हर व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार के उद्देश्यों के अनुरूप प्रशासन के लिए जनता की संतुष्टि सर्वोपरि है। पटना जिला में पारदर्शिता एवं उत्तरदायित्व सुनिश्चित करते हुए जन-कार्यों के प्रति संवेदनशीलता के साथ सरकार की लोक-कल्याणकारी एवं विकासात्मक योजनाओं का सफलतापूर्वक क्रियान्वयन किया जा रहा है।

Tags:

💬 Comments

No comments yet. Be the first to comment!

खबरें और भी arrow-right Created with Sketch Beta.